Acn18. Com.कोरबा जिले के पसान थाना क्षेत्र से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां जमीन बंटवारे को लेकर हुए विवाद में 85 वर्षीय बुजुर्ग की हत्या कर दी गई। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है।
मामला ग्राम पिपरिया के सीपत पारा का है। मृतक की पहचान 85 वर्षीय बबन राम यादव के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक, मंगलवार की सुबह करीब साढ़े 5 बजे जमीन के बंटवारे और अलग-अलग पाटा किए जाने को लेकर बबन राम यादव का अपने भतीजे सोनू उर्फ अशोक यादव से विवाद हुआ।
आरोप है कि इसी विवाद के दौरान सोनू उर्फ अशोक यादव ने टांगिया से बबन राम यादव के सिर पर वार कर दिया। गंभीर चोट लगने से बुजुर्ग की मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही पसान पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल की जांच शुरू की। पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। हत्या के पीछे जमीन बंटवारे का विवाद प्रथम दृष्टया सामने आया है। पुलिस प्रत्यक्षदर्शियों के बयान और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई कर रही है।









