Acn18. Com. कोरबा.कोरबा-चांपा मार्ग पर NH के नीचे बने ओवरब्रिज के आसपास संचालित दुकानों को लेकर आम लोगों में नाराजगी सामने आई है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि कुछ दुकानदार निर्धारित जगह से बाहर सड़क और आवागमन वाले हिस्से में दुकानें लगा रहे हैं, जिससे आने-जाने वाले लोगों को भारी परेशानी हो रही है।
शिकायतकर्ताओं का कहना है कि दुकानों के आसपास आए दिन विवाद और गाली-गलौज की स्थिति बनती है। महिला हो या पुरुष, यहां से गुजरने वाले लोगों के साथ कथित तौर पर अभद्र व्यवहार की शिकायतें सामने आ रही हैं।
आरोप है कि NH के नीचे वाहन आवागमन और लोगों की सुविधा के लिए जगह बनाई गई है, लेकिन कुछ दुकानदारों ने उस हिस्से में भी कब्जा कर दुकानें संचालित कर रखी हैं। इससे सड़क पर जाम और दुर्घटना का खतरा भी बना रहता है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि मामले को लेकर जिम्मेदार अधिकारियों से शिकायत करने का प्रयास किया गया, लेकिन तहसीलदार से संपर्क नहीं हो पाया।
अब आम जनता ने प्रशासन से मांग की है कि मौके का निरीक्षण कर अवैध अतिक्रमण और सार्वजनिक आवागमन में बाधा की जांच की जाए। यदि शिकायतें सही पाई जाती हैं, तो नियमों के तहत कार्रवाई कर रास्ते को आम लोगों के लिए सुगम बनाया जाए।








