Acn18. Com जांजगीर-चांपा भरत सिंह चौहान
जांजगीर-चांपा के पामगढ़ थाना क्षेत्र में दो युवकों पर चाकू और बेसबॉल स्टिक से प्राणघातक हमला करने का मामला सामने आया है। पुलिस के मुताबिक, तीन आरोपियों ने रास्ता रोककर दोनों युवकों के साथ मारपीट की। हमले में एक युवक गंभीर रूप से घायल हुआ, जिसे बिलासपुर रेफर किया गया है।
दरअसल, 15 सितंबर को गाय को मारकर भागने की बात को लेकर विवाद हुआ था, जिसमें कमलेश यादव गवाह था। इसके अगले दिन 16 सितंबर की रात करीब 8 बजकर 15 मिनट पर कमलेश अपने दोस्त गोलू उर्फ संजय मिरी के साथ बाइक से पामगढ़ जा रहा था।
चण्डीपारा मेन रोड पर यासनी मंजिल के पास आकाश जायसवाल, रितेश जायसवाल और मुक्कु यादव ने कथित तौर पर उनका रास्ता रोक लिया। पुलिस के अनुसार, आकाश ने चाकू से संजय पर हमला किया, जिसमें चाकू के वार उसकी पीठ पर लगे। वहीं बेसबॉल स्टिक और हाथ-मुक्के से भी मारपीट का आरोप है।
पामगढ़ पुलिस ने अपराध क्रमांक 389/2026 दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस ने चाकू, बेसबॉल स्टिक और खून लगे कपड़े बरामद किए हैं। मामले में रितेश जायसवाल को अकलतरा से गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है, जबकि अन्य आरोपियों को लेकर विवेचना जारी है।









