Acn18. Com कोरबा.कोरबा के मानिकपुर पुलिस सहायता केंद्र क्षेत्र से चोरी की बड़ी वारदात का पुलिस ने चंद घंटों में खुलासा कर दिया है। जियो टावर से कॉपर केबल चोरी करने वाले आरोपी और चोरी का माल खरीदने वाले कबाड़ी संचालक को पुलिस ने गिरफ्तार किया है।
मामला 13-14 सितंबर की दरम्यानी रात का है, जब बुधवारी स्थित रामजानकी मंदिर के पास लगे जियो टावर से कॉपर केबल चोरी हो गई थी। सूचना मिलते ही मानिकपुर पुलिस जांच में जुट गई।
पुलिस ने संदेह के आधार पर पथर्रीपारा निवासी इकलाख खान को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में इकलाख ने टावर से कॉपर केबल चोरी कर उसे कुआभट्टा स्थित कबाड़ी ओमप्रकाश धारी को करीब 7 हजार रुपये में बेचने की बात बताई।
इसके बाद पुलिस ने कबाड़ी संचालक को भी हिरासत में लिया और उसकी निशानदेही पर करीब 9 किलो कॉपर, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 20 हजार रुपये है, बरामद कर लिया।
पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ BNS की धारा 331(4), 305(1) और 317(2) के तहत कार्रवाई की और न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया।









