
तमोर पिंगला अभयारण्य क्षेत्र में एक हाथी की लगातार मौजूदगी ग्रामीणों के लिए परेशानी बनी हुई है, कबरा काना हाथी ने ग्राम भेलकच में एक वाहन को निशाना बनाते हुए उसे क्षतिग्रस्त कर दिया।
तमोर पिंगला अभयारण्य क्षेत्र में इन दिनों एक हाथी की लगातार मौजूदगी ग्रामीणों के लिए परेशानी का सबब बनी हुई है। कबरा काना हाथी ने गुरुवार 3 सिंतम्बर सुबह ग्राम भेलकच में एक वाहन को निशाना बनाते हुए उसे क्षतिग्रस्त कर दिया। घटना के बाद इलाके में भय का माहौल है।
सुबह गाड़ी पर किया हमला
जानकारी के अनुसार, ग्राम भेलकच निवासी त्रिलोचन सिंह की इको गाड़ी पर सुबह के समय हाथी ने हमला कर दिया। हाथी के हमले से वाहन को नुकसान पहुंचा है। अचानक हुई इस घटना से आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मंच गई।
पहले घरों को पहुंचाया था नुकसान
बताया जा रहा है कि कबरा काना हाथी पिछले कई दिनों से तमोर पिंगला क्षेत्र में घूम रहा है। इससे पहले हाथी ने कई घरों को नुकसान पहुंचाया था। अब वाहन को निशाना बनाए जाने के बाद ग्रामीणों की चिंता और बढ़ गई है।
अभयारण्य क्षेत्र में दहशत का माहौल
हाथी की लगातार गतिविधियों के चलते अभयारण्य क्षेत्र से लगे गांवों में ग्रामीण दहशत के बीच रहने को मजबूर हैं। लोगों को डर है कि हाथी दोबारा आबादी वाले क्षेत्र में पहुंचकर जान-माल को नुकसान पहुंचा सकता है।
ग्रामीणों ने अधिकारियों पर लगाए गंभीर आरोप
ग्रामीणों का आरोप है कि हाथी की लगातार मौजूदगी और खतरे की जानकारी होने के बावजूद वन विभाग के अधिकारी-कर्मचारी मौके पर पर्याप्त रुप से मौजूद नहीं हैं। ग्रामीणों ने हाथी से सुरक्षा के लिए निगरानी और जरुरी इंतजाम बढ़ाने की मांग की है। मामला गुरु घासीदास टाइगर रिजर्व के तमोर पिंगला अभयारण्य क्षेत्र का है








