
बालोद जिले के सीमावर्ती ग्राम मुजालगोंदी स्थित नेशनल हाईवे-30 पर RTO कर्मचारी की कथित बदसलूकी और अवैध वसूली के आरोप को लेकर ट्रक चालकों का गुस्सा फूट पड़ा। आक्रोशित ट्रक चालकों ने
सड़क पर वाहन खड़े कर नेशनल हाईवे-30 को जाम कर दिया, जिससे दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और आवागमन बाधित हो गया।
ट्रक चालकों ने RTO कर्मचारियों पर अवैध वसूली करने और वाहन चालकों के साथ बदसलूकी करने का आरोप लगाया है। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और प्रदर्शन कर रहे ट्रक चालकों को समझाइश देकर जाम हटाने का प्रयास किया।
फिलहाल मौके पर तनाव की स्थिति बनी हुई है। जाम के चलते नेशनल हाईवे पर राहगीरों और वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। पुलिस और प्रशासन की टीम स्थिति को सामान्य कराने में जुटी हुई है।






