दुर्ग में प्रवर्तन निदेशालय की टीम ने शहर के बिल्डर सजल जैन और विश्वास गुप्ता के ठिकानों पर छापामार कार्रवाई शुरू की। बताया जा रहा है कि करीब 7 अधिकारियों की टीम दोनों कारोबारियों के निवास और कार्यालयों में दस्तावेजों की जांच कर रही है।
सूत्रों के अनुसार, सजल जैन और विश्वास गुप्ता को कांग्रेस के पूर्व कोषाध्यक्ष रामगोपाल अग्रवाल का करीबी माना जाता है। यह भी चर्चा है कि कई अधिकारियों का निवेश इन दोनों के रियल एस्टेट कारोबार में लगा हुआ है। हालांकि, ED की ओर से अब तक किसी भी तरह की आधिकारिक जानकारी साझा नहीं की गई है।
जानकारी के मुताबिक, इससे पहले भी एसीबी द्वारा इनसे जुड़े मामलों में कार्रवाई की जा चुकी है। वर्तमान छापेमारी के दौरान सुरक्षा व्यवस्था के लिए सीआरपीएफ के जवान तैनात किए गए हैं। वहीं, स्थानीय पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों को भी कार्रवाई शुरू होने से पहले सूचित कर दिया गया था।फिलहाल जांच जारी है और तलाशी में क्या दस्तावेज या सामग्री मिली है, इसकी आधिकारिक पुष्टि का इंतजार है। मीडिया से बातचीत करने से ED के अधिकारी फिलहाल बच रहे हैं।






