
गेवरा दीपका
एसईसीएल दीपका परियोजना में कार्यरत दो महिला कर्मचारियों की वर्षों से लंबित पेंशन का भुगतान श्रमिक नेता एवं दीपका क्षेत्र एटक के सचिव विनोद कुमार यादव के अथक प्रयास से शुरू हो गया है। दोनों महिलाओं के खातों में लंबित पेंशन की राशि पहुंचने पर उन्होंने खुशी जाहिर करते हुए आभार व्यक्त किया।
जानकारी के अनुसार दीपका परियोजना में जनरल मजदूर केटेगिरी वन के पद पर कार्यरत श्रीमति गणेश कुंवर की पेंशन वर्ष 2012 से बंद थी। वहीं राम बाई की पेंशन वर्ष 2019 से लंबित थी। लंबे समय से पेंशन नहीं मिलने के कारण दोनों महिलाएं आर्थिक परेशानियों का सामना कर रही थीं।
पेंशन प्रकरण के निराकरण के लिए एटक श्रमिक संगठन के सचिव विनोद कुमार यादव ने लगातार प्रयास किया। इस दौरान दीपका क्षेत्र के स्टाफ ऑफिसर एचआर किल्ली प्रसाद का भी भरपूर सहयोग मिला। प्रयासों के बाद दोनों महिलाओं की पेंशन पुनः चालू हो गई और लंबित राशि उनके बैंक खातों में प्राप्त हुई।
पेंशन की राशि खाते में पहुंचने पर दोनों महिलाओं ने खुशी जाहिर की। महिला कर्मचारी गणेश कुंवर ने कहा कि 14 साल पेंशन बंद होने के कारण उनका पूरा परिवार काफी परेशान था। वर्षों बाद लंबित पेंशन मिलने से परिवार को बड़ी राहत मिली है।






