धमतरी। जिले में अवैध शराब के खिलाफ आबकारी विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। केरेगांव थाना क्षेत्र के माकरदोना गांव में विभागीय टीम ने एक घर में दबिश देकर अवैध तरीके से संचालित शराब बनाने की भट्टी का भंडाफोड़ किया है। कार्रवाई के दौरान बड़ी मात्रा में अवैध महुआ शराब और शराब बनाने में इस्तेमाल होने वाली सामग्री बरामद की गई।
घर में बना रहा था अवैध महुआ शराब
जानकारी के मुताबिक, आबकारी विभाग को माकरदोना गांव में अवैध रूप से महुआ शराब बनाए जाने की सूचना मिली थी। सूचना के आधार पर टीम ने संबंधित घर में दबिश दी। तलाशी के दौरान घर में अवैध तरीके से शराब बनाने की भट्टी संचालित मिली।
टीम ने मौके से नीले ड्रम में रखी महुआ शराब समेत शराब निर्माण से जुड़ी सामग्री बरामद की। बड़ी मात्रा में शराब मिलने के बाद विभाग ने मौके पर ही जब्ती की कार्रवाई की।
एक आरोपी गिरफ्तार
कार्रवाई के दौरान आबकारी विभाग ने मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत कार्रवाई की जा रही है। विभाग अब यह भी पता लगाने में जुटा है कि अवैध शराब का निर्माण कब से किया जा रहा था और इसे कहां-कहां सप्लाई किया जाता था।






