जगदलपुर। जगदलपुर के कंगोली स्थित 5वीं वाहिनी सशस्त्र बल की कर्मचारी कल्याण साख समिति में करीब 3 करोड़ रुपये की वित्तीय अनियमितता और गबन के मामले में पुलिस ने एक और प्रधान आरक्षक को गिरफ्तार किया है। लगातार जांच के दौरान परपा पुलिस ने समिति के वित्त विभाग से जुड़े प्रधान आरक्षक संजय चौहान को हिरासत में लेकर पूछताछ की। संदिग्ध भूमिका सामने आने के बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया है।
2012 से 2021 के बीच लोन खातों में हेराफेरी का आरोप
बस्तर एसपी शलभ कुमार सिन्हा के मुताबिक, 5वीं वाहिनी कल्याण साख समिति में वर्ष 2012 से 2021 के बीच लोन खातों और जमा राशि में हेराफेरी की शिकायत पर परपा थाना में मामला दर्ज किया गया था। शिकायत में फर्जी दस्तावेजों के इस्तेमाल और करीब 3 करोड़ रुपये की राशि के गबन का आरोप लगाया गया था।
मामले की प्रारंभिक जांच में समिति के अध्यक्ष एवं प्रधान आरक्षक शिवाकांत तिवारी की भूमिका संदिग्ध पाए जाने पर पुलिस ने 29 जुलाई को उन्हें गिरफ्तार किया था।





