सरिया/बरमकेला। नशामुक्त, स्वस्थ और विकसित भारत के निर्माण के उद्देश्य से प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्व विद्यालय द्वारा चलाए जा रहे “10 करोड़ नशामुक्ति प्रतिज्ञा महाअभियान” के तहत सरिया और बरमकेला क्षेत्र में व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाया गया। अभियान के माध्यम से क्षेत्र के 1,000 से अधिक विद्यार्थियों, शिक्षकों और आम नागरिकों तक नशामुक्ति का संदेश पहुंचाया गया।
अभियान के तहत शासकीय औद्योगिक प्रशिक्षण केंद्र (ITI) सरिया, उच्च माध्यमिक विद्यालय लुकापारा और भारत माता पब्लिक स्कूल सरिया सहित विभिन्न स्थानों पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। कार्यक्रम में लोगों को नशे के दुष्परिणामों के बारे में जानकारी दी गई। इसके साथ ही उपस्थित विद्यार्थियों, शिक्षकों और नागरिकों को राष्ट्रीय नशामुक्ति प्रतिज्ञा भी दिलाई गई। लोगों ने सभी प्रकार के नशे से दूर रहने और अपने परिवार, मित्रों तथा समाज के अन्य लोगों को भी नशामुक्त जीवन अपनाने के लिए प्रेरित करने का संकल्प लिया।






