बस्तर। जिले में किसानों से मक्का खरीदी के नाम पर लाखों रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। भानपुरी थाना क्षेत्र के चेराकूर, कुंगारपाल और खड़गा गांव के 34 किसानों से करीब 24 लाख रुपये के मक्के की खरीदी करने के बाद कारोबारी ने भुगतान नहीं किया। शिकायत के बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
मक्का खरीदा, भुगतान के नाम पर करता रहा टालमटोल
जानकारी के मुताबिक, वर्ष 2025 में किसानों ने अपनी मेहनत से तैयार की गई मक्का की फसल सहदेव मंडावी नामक कारोबारी को बेची थी। आरोपी ने किसानों से करीब 24 लाख रुपये का मक्का खरीदा, लेकिन फसल का भुगतान नहीं किया। किसान लंबे समय तक अपने पैसे मिलने का इंतजार करते रहे। आरोपी हर बार भुगतान करने का आश्वासन देकर मामले को टालता रहा।
बताया जा रहा है कि आरोपी कोंडागांव जिले के पल्लारी में ‘आयुष एग्रोटेक’ नाम से फर्म संचालित करता है। इसी फर्म के माध्यम से किसानों से मक्का खरीदी का सौदा किया गया था।
34 किसानों ने थाने में दर्ज कराई शिकायत
काफी समय बीतने के बाद भी भुगतान नहीं मिलने से परेशान किसानों ने भानपुरी थाने पहुंचकर मामले की शिकायत दर्ज कराई। किसानों की शिकायत पर पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए BNS की धारा 318(4) के तहत अपराध दर्ज किया।
पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी सहदेव मंडावी को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ और कानूनी कार्रवाई के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।






