बलरामपुर। जिले के वाड्रफनगर क्षेत्र के प्रेमनगर स्थित डीएवी मुख्यमंत्री पब्लिक स्कूल में दो छात्रों की पिटाई का मामला सामने आने के बाद स्कूल प्रबंधन ने बड़ी कार्रवाई की है। छात्रों की स्टंप से पिटाई करने वाले शिक्षक को जांच के बाद बर्खास्त कर दिया गया है।
दरअसल, स्कूल में दो छात्रों के बीच आपसी लड़ाई हुई थी। इसके बाद मौके पर पहुंचे शिक्षक ने दोनों छात्रों की कथित तौर पर स्टंप से पिटाई कर दी। इस घटना का सीसीटीवी फुटेज सामने आने के बाद मामला चर्चा में आया। फुटेज में शिक्षक छात्रों की पिटाई करते हुए दिखाई दे रहे थे।
पालकों ने की थी स्कूल प्रबंधन से शिकायत
घटना के बाद छात्रों के पालकों ने स्कूल प्रबंधन के समक्ष शिकायत दर्ज कराई और शिक्षक के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। मामले को गंभीरता से लेते हुए स्कूल प्रबंधन ने पूरे घटनाक्रम की जांच शुरू की।
जांच के दौरान सामने आए तथ्यों और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर स्कूल प्रबंधन ने संबंधित शिक्षक के खिलाफ कार्रवाई करते हुए उन्हें सेवा से बर्खास्त कर दिया।
छात्रों की आपसी लड़ाई के बाद हुई थी पिटाई
बताया जा रहा है कि दोनों छात्रों के बीच किसी बात को लेकर आपसी विवाद और मारपीट हुई थी। इसी दौरान शिक्षक ने हस्तक्षेप करते हुए दोनों छात्रों की पिटाई कर दी। हालांकि, शिक्षक द्वारा छात्रों के साथ मारपीट का तरीका गंभीर माना गया, जिसके बाद स्कूल प्रबंधन ने कार्रवाई की।
मामला वाड्रफनगर के प्रेमनगर स्थित डीएवी मुख्यमंत्री पब्लिक स्कूल का है। शिक्षक की बर्खास्तगी के बाद स्कूल प्रबंधन ने इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने और विद्यार्थियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने पर जोर दिया है।





