सरगुजा। विवाह के महज चार दिन बाद दुल्हन के ससुराल से जेवर लेकर फरार होने का मामला सामने आया है। मध्यप्रदेश के छतरपुर जिले के बोढ़ीश्यामर निवासी परिवार ने लखनपुर क्षेत्र के जमगाला निवासी परिवार पर विवाह के नाम पर ठगी और धोखाधड़ी करने के गंभीर आरोप लगाए हैं।
पीड़ित परिवार के मुताबिक, छलपूर्वक विवाह कर उनसे 1 लाख रुपये नगद और करीब 1 लाख रुपये के जेवर लिए गए। परिवार का आरोप है कि जिस युवती से विवाह कराया गया, उसका पहले से विवाह हो चुका था और वह जमगाला में एक विवाहित पुरुष के साथ कथित तौर पर दूसरी पत्नी के रूप में रह रही थी।
शादी के चार दिन बाद जेवर लेकर हुई फरार
परिवार का दावा है कि विवाह के बाद युवती महज चार दिन ससुराल में रही। इसके बाद वह घर में रखे जेवर लेकर फरार हो गई। घटना के बाद परिवार में हड़कंप मच गया। परिजन जब बहू को वापस लेने के लिए गांव पहुंचे, तो लड़की पक्ष की ओर से कथित तौर पर 50 हजार रुपये की मांग किए जाने का भी आरोप लगाया गया है।
एसपी से लगाई न्याय की गुहार
मामले को लेकर पीड़ित परिवार ने सरगुजा एसपी को ज्ञापन सौंपकर पूरे घटनाक्रम की शिकायत की है। परिवार ने विवाह के नाम पर हुई कथित ठगी और धोखाधड़ी की निष्पक्ष जांच कराने तथा दोषियों के खिलाफ उचित कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
पीड़ित परिवार ने पुलिस प्रशासन से मामले की गंभीरता से जांच कर उन्हें न्याय दिलाने की गुहार लगाई है। हालांकि, लगाए गए आरोपों की पुलिस जांच और आधिकारिक पुष्टि के बाद ही पूरे मामले की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी






