भरत सिंह चौहान की रिपोर्ट

जांजगीर-चांपा जिले के पामगढ़ क्षेत्र से एक दर्दनाक हादसे की खबर सामने आई है। खैराडीह गांव में पारिवारिक कार्यक्रम में शामिल होने आया 23 वर्षीय अनित दिवाकर मोबाइल पर बात करते समय घर की छत पर पहुंचा, तभी वह ऊपर से गुजर रही 11 केवी हाई वोल्टेज बिजली लाइन की चपेट में आ गया। करंट लगने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
बताया जा रहा है कि युवक अपने दोस्त की बहन के घर पारिवारिक कार्यक्रम में शामिल होने आया था। हादसे के बाद परिजनों में कोहराम मच गया। घटना की सूचना मिलते ही पामगढ़ पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। सुरक्षा की दृष्टि से इलाके की बिजली सप्लाई भी बंद कर दी गई।
इस हादसे के बाद स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश है। लोगों का कहना है कि घरों के ऊपर से गुजर रही 11 केवी हाई वोल्टेज लाइन लंबे समय से खतरा बनी हुई है और इसे हटाने की मांग पहले भी उठाई जा चुकी है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।






