Home KORBA भाजपा किसान मोर्चा मंडल मंत्री पर जानलेवा हमला, बेरहमी से पीटा,गांजा सप्लाई...

भाजपा किसान मोर्चा मंडल मंत्री पर जानलेवा हमला, बेरहमी से पीटा,गांजा सप्लाई का विरोध करने पर हमला, कांग्रेस नेता के बेटे और पुलिस वाहन चालक पर आरोप

0
9

 

भाजपा किसान मोर्चा मंडल कोरबा के मंत्री कपिलेश्वर धीरज पर बुधवार देर रात जानलेवा हमला किया गया। आरोपियों ने रास्ता रोककर उनकी कार में तोड़फोड़ की और बेरहमी से पीटा। गंभीर हालत में 112 की मदद से उन्हें जिला मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया है। शरीर पर कई जगह गहरे जख्म और चोट के निशान हैं।

*पोल्ट्री व्यापारी हैं घायल मंत्री*
भुलसीडीह निवासी कपिलेश्वर धीरज पोल्ट्री फार्म के व्यापारी हैं। निर्माणाधीन मेडिकल कॉलेज के पास उनकी दुकान है। बुधवार रात दुकान बंद कर वह घर लौट रहे थे।

*रास्ता रोककर किया हमला*
घायल कपिलेश्वर धीरज ने बताया कि गांव में ही रहने वाले अरुण खांडे, संदीप कुमार और उनके साथियों ने रास्ता रोक लिया। आरोपियों ने पहले कार में तोड़फोड़ की, फिर जमकर मारपीट की।

*नशा सप्लाई का विरोध बना हमले की वजह*
कपिलेश्वर ने आरोप लगाया कि निर्माणाधीन मेडिकल कॉलेज में बाहर से आए मजदूरों को गार्ड की मिलीभगत से गांजा और नशीला सामान सप्लाई किया जा रहा है। आसपास के गांवों में भी छोटे बच्चे नशे के आदी हो रहे हैं।

इसी बात का विरोध करने और समझाइश देने पर अरुण खांडे व संदीप कुमार ने अपने साथियों को बुलाकर हमला करवा दिया।

*बेहोश छोड़कर भागे आरोपी*
मारपीट इतनी बेरहमी से की गई कि कपिलेश्वर बेहोश हो गए। उन्हें मरा हुआ समझकर आरोपी मौके से भाग गए। राहगीरों ने 112 को सूचना दी, जिसके बाद उन्हें अस्पताल पहुंचाया गया।

*आरोपियों पर राजनीतिक रसूख का आरोप*
कपिलेश्वर धीरज ने बताया कि अरुण खांडे ग्रामीण इलाके के एक कांग्रेस नेता का पुत्र है, वहीं संदीप कुमार चौकी में पुलिस गाड़ी चलाता है। दोनों अपने रसूख का रौब दिखा रहे थे।

*भाजपा कार्यकर्ताओं पर लगातार हमले*
गौरतलब है कि कुछ दिन पहले भी एक भाजपा कार्यकर्ता के साथ मारपीट की घटना सामने आई थी। भाजपा कार्यकर्ताओं ने आरोपियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की है।