पेंड्रा। जिले से होकर गुजरने वाले नेशनल हाईवे-45 की गुणवत्ता पहली ही बारिश में सवालों के घेरे में आ गई है। करोड़ों रुपये की लागत से बन रही इस सड़क पर कई स्थानों पर लंबी दरारें पड़ गई हैं, पुल-पुलियों के पास डामर उखड़ गया है और कई हिस्सों में सड़क धंसने लगी है।
बिलासपुर से केवची, अमरकंटक होते हुए डिंडोरी तक जाने वाले इस राष्ट्रीय राजमार्ग के जिन हिस्सों पर आवागमन शुरू हो चुका है, वहां पहली बरसात में ही निर्माण की गुणवत्ता पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। सबसे अधिक खराब स्थिति केवची से कारिआम के बीच देखी जा रही है, जहां बारिश के पानी से सड़क के नीचे की मिट्टी बह जाने के कारण कई स्थानों पर धंसाव और गहरी दरारें दिखाई दे रही हैं।
स्थानीय लोगों ने निर्माण कार्य की गुणवत्ता की जांच कर जिम्मेदार एजेंसी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। उनका कहना है कि यदि समय रहते मरम्मत नहीं की गई तो लगातार बारिश के दौरान बड़े हादसे और यातायात बाधित होने की आशंका बढ़ सकती है।





