


कोरबा जिले के छुरी में बुधवार दोपहर हथियारबंद लुटेरों ने दिनदहाड़े राज ज्वैलर्स को निशाना बनाया। तीन नकाबपोश बदमाश ग्राहक बनकर दुकान में घुसे और कट्टे-चाकू की नोक पर लूट की कोशिश की। पूरी वारदात दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई।
*महिला के वेश में आया एक लुटेरा, आंख में डाला मिर्च पाउडर*
जानकारी के अनुसार दोपहर करीब 1 बजे तीन लोग दुकान पहुंचे। गिरोह में शामिल एक लुटेरा सलवार-सूट पहनकर महिला की वेशभूषा में था। तीनों ने सोने की अंगूठी दिखाने को कहा। इसी दौरान बदमाशों ने दुकान में मौजूद तीन कर्मचारियों की आंख में मिर्च पाउडर झोंक दिया।
इसके बाद कट्टा और चाकू निकालकर धमकाने लगे। बदमाश काउंटर पर रखे जेवरात समेटने लगे। असली और नकली जेवरात में फर्क न कर पाने के कारण आरोपी कुछ आर्टिफिशियल ज्वेलरी भी ले भागे।
*संचालक से झड़प, हाथ दांत से काटा, चाकू मारा*
लूट के दौरान दुकान संचालक राजकुमार अग्रवाल ने बहादुरी दिखाते हुए विरोध किया। भाग रहे लुटेरों को पकड़ने की कोशिश में सामने के दुकानदार को भी चाकू लगा। विरोध करने पर एक बदमाश ने संचालक राजकुमार के हाथ को दांत से काट लिया और सभी फरार हो गए।
*कट्टा और बाइक छोड़ भागे आरोपी*
संचालक की बहादुरी से बड़ी वारदात नाकाम हो गई। हड़बड़ाहट में आरोपी मौके पर ही कट्टा और प्लैटिना बाइक छोड़कर भाग निकले। जाते-जाते कुछ नकली जेवरात ही ले जा सके।
*पुलिस ने की नाकेबंदी*
घटना की सूचना मिलते ही कटघोरा पुलिस मौके पर पहुंची। पूरे इलाके में नाकेबंदी कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी गई है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर बदमाशों की पहचान करने में जुटी है।




