पटना के 10 सर्कुलर रोड स्थित राबड़ी आवास को खाली करने का काउंटडाउन शुरू हो चुका है। भवन विभाग ने नोटिस के जरिए 29 जून तक वक्त दिया है। राबड़ी आवास को खाली करने का शुरू हो गया है।
शुक्रवार को राबड़ी आवास के बाहर और अंदर लगे सीसीटीवी कैमरों को वहां से हटा दिया गया। इस साथ ही ऑटो से कार्टन अंदर ले जाए जा रहे हैं और सामान पैक करने की तैयारी चल रही है।
इधर, लालू परिवार को अलॉट 39, हार्डिंग रोड स्थित नए सरकार आवास में काम तेजी से पूरा कराया जा रहा है। हालांकि, आवास खाली करने की प्रक्रिया कब पूरी होगी और परिवार नए आवास में कब तक शिफ्ट होगा, इस पर आधिकारिक रूप से कोई नई जानकारी सामने नहीं आई है।
राबड़ी देवी के 39, हार्डिंग रोड स्थित नए सरकारी आवास में इन दिनों तेजी से पेंटिंग का काम चल रहा है। इस नए आवास का रंग लालू परिवार की शिफ्टिंग से पहले पूरी तरह बदल दिया गया है। पहले भगवा रंग में नजर आने वाला यह बंगला अब हरे रंग में रंगा दिखाई दे रहा है।
हरा रंग राष्ट्रीय जनता दल (RJD) की राजनीतिक पहचान और चुनाव चिन्ह से भी जुड़ा है। ऐसे में बंगले का रंग बदलने को केवल सामान्य पेंटिंग का काम नहीं, बल्कि एक राजनीतिक संदेश के रूप में भी देखा जा रहा है।




