रायपुर में लगातार दूसरे दिन भी कोचिंग संस्थानों की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर नगर निगम, अग्निशमन विभाग और अन्य विभागों की संयुक्त टीम ने कोचिंग सेंटर्स का सरप्राइज इंस्पेक्शन किया। इस दौरान फायर सेफ्टी, वेंटिलेशन, लिफ्ट सुरक्षा और आपातकालीन निकास (इमरजेंसी एग्जिट) व्यवस्था में कई खामियां सामने आईं, जिसके बाद संबंधित संचालकों को नोटिस जारी किए गए।
प्रशासन की टीम ने शहर के प्रमुख कोचिंग संस्थानों एलन, अनअकादमी, विद्यापीठ, आरसीसी और अकादजा का निरीक्षण किया। जांच में एलन, अनअकादमी और विद्यापीठ की कुछ कक्षाओं में निर्धारित क्षमता से अधिक विद्यार्थियों के बैठने की व्यवस्था पाई गई। इसके अलावा वेंटिलेशन संबंधी कमियां भी सामने आईं।
वहीं आरसीसी और अकादजा में फायर सेफ्टी नियमों के पालन, वेंटिलेशन व्यवस्था, प्रवेश-निकास मार्ग और अन्य सुरक्षा मानकों में कई खामियां मिलीं। अधिकारियों ने सभी संबंधित संस्थानों को एक सप्ताह के भीतर कमियां दूर करने के निर्देश दिए हैं।




