कोरबा जिले के श्यांग थाना क्षेत्र में एक नवविवाहिता की मौत अब रहस्य बन गई है। मौत के तीन दिन बाद पुलिस और प्रशासन की मौजूदगी में कब्र खोदकर शव बाहर निकाला गया है। मायके पक्ष ने पति पर हत्या का आरोप लगाया है, जबकि पति का दावा है कि पत्नी की मौत अचानक तबीयत बिगड़ने से हुई थी। अब इस पूरे मामले की सच्चाई पोस्टमार्टम और फॉरेंसिक जांच के बाद ही सामने आ सकेगी।
मामला छिरहुट गांव का है, जहां 23 वर्षीय घूरई बाई की मौत के बाद बिना पोस्टमार्टम कराए शव को दफना दिया गया था। मृतका के परिजनों को जब घटना की जानकारी मिली तो उन्होंने मौत पर संदेह जताते हुए पुलिस से शिकायत की। मायके पक्ष का आरोप है कि पति दिलीप बैगा अक्सर चरित्र शंका को लेकर विवाद करता था और इसी वजह से उसकी हत्या की गई है।
शिकायत के बाद पुलिस और प्रशासन हरकत में आया। अधिकारियों की मौजूदगी में कब्र की खुदाई कर शव को बाहर निकाला गया और पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। इस दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीण भी मौके पर मौजूद रहे। सीन ऑफ क्राइम टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं और परिजनों के बयान दर्ज किए गए हैं।
एक ओर पति बीमारी से मौत होने की बात कह रहा है, तो दूसरी ओर मायके वाले इसे हत्या बता रहे हैं। ऐसे में पूरे मामले पर कई सवाल खड़े हो गए हैं। फिलहाल पुलिस मर्ग कायम कर जांच कर रही है और अब सभी की नजर पोस्टमार्टम रिपोर्ट पर टिकी हुई है, जो इस रहस्यमयी मौत की असली वजह सामने ला सक

ती है।




