
भरत सिंह चौहान की रिपोर्ट
सक्ती जिले में एसीबी बिलासपुर की टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए जनपद पंचायत के सीईओ समेत तीन लोगों को रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। मामला ग्राम लिमतरा में सरपंच से जुड़े विकास कार्यों की राशि जारी करने का है।
शिकायतकर्ता अरुण कुमार भारद्वाज ने एसीबी में शिकायत दर्ज कराई थी कि प्रधानमंत्री आदर्श ग्राम योजना के तहत स्वीकृत 20 लाख रुपये में से शेष 12 लाख रुपये जारी कराने के एवज में सीईओ निखिल कश्यप और बाबू अविनाश ठाकुर द्वारा 2 लाख रुपये रिश्वत की मांग की जा रही थी।
एसीबी की जांच में यह भी सामने आया कि एक लाख रुपये पहले ही ले लिए गए थे। इसके बाद टीम ने ट्रैप कार्रवाई की योजना बनाई। जैसे ही शेष एक लाख रुपये की राशि भृत्य लच्छन भानु के माध्यम से ली गई, एसीबी टीम ने मौके पर दबिश देकर तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया और रिश्वत की रकम बरामद कर ली। तीनों आरोपियों के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम 1988 की धाराओं के तहत कार्रवाई की जा रही है। एसीबी बिलासपुर की यह पिछले दो वर्षों में 51वीं सफल ट्रैप कार्रवाई बताई जा रही है।




