
जशपुर के खड़ामाचा में भीषण गर्मी से राहत पाने 7 हाथी और 3 शावक तालाब में नहाते और मस्ती करते नजर आए, जिसका वीडियो सामने आया है।
तालाब में मस्ती करते हाथी और शावक
छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले स्थित पत्थलगांव वन परिक्षेत्र में हाथियों का एक दुर्लभ और मनमोहक नजारा देखने को मिला। खड़ामाचा क्षेत्र में भीषण गर्मी से राहत पाने के लिए हाथियों का एक समूह तालाब में उतर गया, जहां वे काफी देर तक नहाते और मस्ती करते नजर आए। इस दौरान हाथियों और शावकों की जलक्रीड़ा का वीडियो भी सामने आया है।
तालाब में उतरे हाथी और शावक
जानकारी के अनुसार खड़ामाचा क्षेत्र में मौजूद करीब 30 हाथियों के दल से अलग होकर 7 हाथी एक तालाब तक पहुंचे। इनमें 3 शावक भी शामिल थे। वीडियो में चार हाथी और तीन शावक तालाब के पानी में नहाते, खेलते और गर्मी से राहत लेते दिखाई दे रहे हैं। जंगलों में हाथियों की गतिविधियां अक्सर देखने को मिलती हैं, लेकिन शावकों के साथ इस तरह तालाब में जलक्रीड़ा करते हाथियों का दृश्य कम ही देखने को मिलता है। यही वजह है कि यह नजारा लोगों के लिए आकर्षण का केंद्र बना हुआ है। वीडियो में हाथी पूरी तरह बेफिक्र होकर पानी का आनंद लेते नजर आ रहे हैं।
डेढ़ महीने से क्षेत्र में डेरा जमाए हुए हैं हाथी
वन विभाग के अनुसार पत्थलगांव वन परिक्षेत्र में करीब डेढ़ महीने से 30 हाथियों का दल विचरण कर रहा है। हाथियों की मौजूदगी को देखते हुए विभाग लगातार उनकी गतिविधियों पर नजर बनाए हुए है, ताकि किसी भी तरह की जनहानि या मानव-हाथी संघर्ष की स्थिति न बने।
वन विभाग रख रहा लगातार निगरानी
हाथियों के दल की गतिविधियों की मॉनिटरिंग वन विभाग द्वारा लगातार की जा रही है। विभाग ग्रामीणों को भी सतर्क रहने और हाथियों से सुरक्षित दूरी बनाए रखने की सलाह दे रहा है। फिलहाल हाथियों का दल क्षेत्र के जंगलों में शांतिपूर्वक विचरण कर रहा है



