
रायगढ़ जिले के घरघोड़ा रेंज में एक मादा हाथी मालगाड़ी की चपेट में आकर गंभीर रूप से घायल हो गई। बीती रात चारमार क्षेत्र में यह हादसा हुआ। घायल हाथी का रेलवे ट्रैक के किनारे टेंट लगाकर इलाज किया जा रहा है।
जानकारी के मुताबिक अडानी कोल माइंस की मालगाड़ी से टकराने से लगभग 4 वर्ष की मादा हाथी के पैर में गंभीर चोट आई है। हादसे के बाद हाथी ट्रैक के पास ही गिर गई।
सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। 4 डॉक्टरों की टीम हाथी के इलाज में जुटी है। हाथी को दर्द से राहत देने के लिए दवाएं दी जा रही हैं।
वन विभाग ने हाथी की निगरानी के लिए टीम तैनात कर दी है। इलाके में हाथियों की आवाजाही को देखते हुए रेलवे को भी सतर्क किया गया है।
डीएफओ ने बताया कि हाथी की हालत स्थिर है लेकिन चोट गहरी है। पूरी कोशिश की जा रही है कि उसे बचाया जा सके।




