
कोरबा जिला प्रशासन की टीम ने अवैध रेत परिवहन के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 7 ट्रैक्टर जब्त किए हैं। तड़के की गई इस कार्रवाई से रेत तस्करों में हड़कंप मच गया।
प्रशासन की टीम ने बरपाली के चिचोली रेतघाट से 4 और भैंसामुड़ा रेतघाट से 3 ट्रैक्टर अवैध रेत परिवहन करते पकड़े। बताया जा रहा है कि इन ट्रैक्टरों के पास रॉयल्टी पर्ची, वाहन नंबर, कागजात और लाइसेंस नहीं थे।
*बरसात से पहले अवैध भंडारण की आशंका*
अधिकारियों को आशंका है कि बरसात से पहले शहर और ग्रामीण इलाकों में अवैध रूप से रेत का भंडारण किया जा रहा है। इसी को रोकने के लिए प्रशासन लगातार नजर रखे हुए है।
*टीम में शामिल थे ये अधिकारी*
इस कार्रवाई को तहसीलदार, नायब तहसीलदार, आरआई, पटवारी और कोटवार की संयुक्त टीम ने अंजाम दिया। टीम तड़के मौके पर पहुंची और घाटों पर छापा मारा।
गौरतलब है कि इससे पहले भी प्रशासन की टीम अवैध रेत खनन और परिवहन के खिलाफ कार्रवाई कर चुकी है। इसके बावजूद शहर और ग्रामीण इलाकों में रेत का अवैध खेल जारी है। प्रशासन ने साफ किया है कि आगे भी ऐसी कार्रवाई जारी रहेगी।




