
जिले में ACB की ताबड़तोड़ कार्रवाइयों के सवाल पर प्रभारी मंत्री ने कहा कि ये कार्रवाइयां इस बात का सबूत हैं कि सरकार ‘जीरो टॉलरेंस’ की नीति पर चल रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि जहां भी भ्रष्टाचार होगा, वहां कड़ी कार्रवाई होगी। इससे प्रशासनिक छवि खराब नहीं, बल्कि बेहतर हो रही है।
मंत्री ने बताया कि 1 मई से 10 जून तक चल रहे विशेष अभियान में राशन कार्ड, आयुष्मान कार्ड और श्रम कार्ड जैसी सरकारी योजनाओं का लाभ तुरंत मौके पर दिया जा रहा है। इससे सरकार के प्रति जनता का भरोसा और बढ़ा है। हितग्राहियों को शिविरों के माध्यम से सीधा फायदा पहुंचाया जा रहा है।
प्रभारी मंत्री ने कहा कि कोरबा के विकास के लिए 159 करोड़ रुपये के विभिन्न कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन किया गया है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि सरकार और DMF फंड के एक-एक पैसे का सदुपयोग सीधे जनता के हित में हो रहा है। विकास कार्यों में पारदर्शिता बरती जा रही है।
पिछले कुछ महीनों से जिला समीक्षा बैठक न होने के सवाल पर मंत्री ने माना कि विभिन्न परिस्थितियों के कारण बैठक नहीं हो पाई थी। हालांकि उन्होंने कहा कि वे लगातार जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों के संपर्क में हैं और जिले की गतिविधियों पर नजर रखे हुए हैं।
मंत्री ने आश्वासन दिया कि सुशासन तिहार खत्म होते ही जिले की एक विस्तृत समीक्षा बैठक बुलाई जाएगी। इस बैठक में जनता से मिले सभी आवेदनों और शिकायतों का फॉलो-अप लिया जाएगा। लंबित प्रकरणों का समयबद्ध निराकरण कराया जाएगा। उन्होंने कहा कि सरकार की प्राथमिकता जनता की समस्याओं का तुरंत समाधान करना है।




