
रायपुर में नगर निगम की व्यवस्थाओं की पोल खुलती नजर आ रही है। चार महीने से भुगतान नहीं मिलने से नाराज सफाई ठेकेदारों ने आखिरकार काम बंद कर दिया है।
रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में नगर निगम की व्यवस्थाओं की पोल खुलती नजर आ रही है। चार महीने से भुगतान नहीं मिलने से नाराज सफाई ठेकेदारों ने आखिरकार काम बंद कर दिया है। इसका सीधा असर रायपुर नगर निगम के सभी 70 वार्डों में दिखाई देने लगा है।
सफाई ठेकेदारों का कहना है कि उन्होंने कई बार निगम प्रशासन से भुगतान की मांग की, आवेदन दिए, गुहार लगाई, लेकिन उनकी सुनवाई नहीं हुई। आर्थिक संकट और पारिवारिक जिम्मेदारियों के बीच भी वे लगातार काम करते रहे। लेकिन अब हालात ऐसे हो गए कि काम बंद करने के अलावा कोई विकल्प नहीं बचा।
सफाई ठेकेदार और कर्मचारी बूढ़ा तालाब में हुए एकत्र
ठेकेदारों के अनुसार, प्रत्येक ठेकेदार के अधीन लगभग 40 सफाई कर्मचारी काम करते हैं। यानी हजारों कर्मचारियों का वेतन और उनके परिवारों की आजीविका पिछले चार महीनों से प्रभावित है। सभी सफाई ठेकेदार और कर्मचारी बूढ़ा तालाब में एकत्र हुए और अपनी पीड़ा मीडिया के सामने रखी। सवाल यह है कि जब राजधानी की सफाई व्यवस्था संभालने वाले कर्मचारियों को ही समय पर भुगतान नहीं मिलेगा, तो शहर की सफाई व्यवस्था कैसे चलेगी?
आदेश जारी
शहर की सफाई व्यवस्था बिगड़ी- विकास उपाध्याय
सफाई कर्मचारियों के हड़ताल को लेकर पूर्व विधायक विकास उपाध्याय ने कहा कि, छत्तीसगढ़ में नगरीय प्रशासन के द्वारा सफाई व्यवस्था लगातार बिगड़ती जा रही है और वही दूसरी तरफ यूजर चार्ज को बढ़ा दिया गया है। शहरों और वार्डों में कचरे का नियमित उठाव नहीं हो रहा है। नालियां गंदगी से भरी हुई हैं और आम जनता परेशान है। लेकिन दुर्भाग्य की बात है कि भाजपा सरकार जनता को बेहतर सुविधाएं देने के बजाय यूजर चार्ज बढ़ाकर आर्थिक बोझ डाल रही है।जनता पूछ रही है कि जब सफाई व्यवस्था ही ठीक नहीं है तो बढ़ा हुआ यूजर चार्ज किस बात का वसूला जा रहा है?
बीजेपी नेताओं के यहां भिजवायेंगे कचरा
कांग्रेस पार्टी आने वाले दिनों में अगर सफाई व्यवस्था नहीं सुधरी तो जितने भी भारतीय जनता पार्टी के जन प्रतिनिधि हैं। सांसद बृजमोहन अग्रवाल जी विधायक पुरन्दर मिश्रा और विधायक सुनील सोनी, विधायक राजेश मूणत, विधायक मोती लाल साहू के यह कचरा बोरे में भरकर उनके घर में पार्सल करके भिजवाया जाएगा रायपुर की जनता त्रस्त है




