बिलासपुर। जिले के मस्तूरी थाना क्षेत्र में जमीन विवाद ने खूनी संघर्ष का रूप ले लिया। गतौरा गांव में दो सगे भाइयों के परिवारों के बीच जमकर मारपीट हुई, जिसमें टंगिया से हमला किए जाने पर पांच लोग घायल हो गए। सभी घायलों को इलाज के लिए सिम्स अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
जानकारी के अनुसार, गतौरा निवासी Ramkishor Rathore और उसके भाई Suresh Rathore के बीच लंबे समय से जमीन को लेकर विवाद चल रहा था। सोमवार को रामकिशोर अपने परिवार के साथ खेत में काम करने पहुंचा था। इसी दौरान सुरेश राठौर और उसके परिवार के लोग भी मौके पर पहुंच गए।
जमीन को लेकर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हुई, जो देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गई। आरोप है कि दोनों ओर से टंगिया से हमला किया गया, जिसमें पांच लोग घायल हो गए। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
घायलों को तत्काल इलाज के लिए सिम्स अस्पताल भेजा गया। वहीं घायल रामकिशोर राठौर ने आरोप लगाया कि उसने एक दिन पहले ही अपने भाई के खिलाफ गाली-गलौज और धमकी देने की शिकायत मस्तूरी थाने में करने की कोशिश की थी, लेकिन पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज नहीं की।




