कोरिया जिले के जंगलों से एक दर्दनाक खबर सामने आई है, जहाँ एक दंतैल हाथी ने बुजुर्ग महिला को कुचल कर मार डाला। घटना देवगढ़ वन परिक्षेत्र के शेराडाँड़ जंगल की है। बताया जा रहा है कि महिला जंगल में झोपड़ी बनाकर अकेले रह रही थी और पशुपालन व खेती से जीवन यापन कर रही थी। सूचना मिलते ही पुलिस और वन विभाग की टीम मौके पर पहुँची और आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
वीओ :- कोरिया जिले के देवगढ़ वन परिक्षेत्र अंतर्गत शेराडाँड़ के जंगलों में मंगलवार देर रात एक दंतैल हाथी ने सन बसिया नामक बुजुर्ग महिला पर हमला कर दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना स्थल पर हाथी के पैर के निशान भी मिले हैं, जिससे यह स्पष्ट हुआ है कि हमला हाथी द्वारा ही किया गया। प्रारंभिक अनुमान के मुताबिक यह हाथी गुरुघासीदास तमोर पिंगला टाइगर रिजर्व की ओर से विचरण करते हुए इस क्षेत्र में पहुँचा हो सकता है।
बताया जा रहा है कि मृतका अपने पति के साथ जंगल में झोपड़ी बनाकर रहती थी और गाय पालन व खेती कर जीवन यापन करती थी। करीब तीन माह पहले पति की मौत के बाद भी महिला अकेले वहीं रह रही थी।
सूचना मिलते ही पुलिस और वन विभाग की टीम मौके पर पहुँची और शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए सोनहत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया।
पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है, वहीं वन विभाग द्वारा तत्काल सहायता राशि 25 हजार रुपये मृतका के पुत्र को प्रदान की गई है।




