Home Astrology Chhattisgarh : शराब तस्करों को पकड़ने गई पुलिस टीम पर हमला, TI...

Chhattisgarh : शराब तस्करों को पकड़ने गई पुलिस टीम पर हमला, TI समेत कई पुलिसकर्मी गंभीर

0
18

Chhattisgarh : शराब तस्करों को पकड़ने गई पुलिस टीम पर हमला, TI समेत कई पुलिसकर्मी गंभीर

 

 

छत्तीसगढ़ के महासमुंद जिले के पटेवा थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पचरी में शराब बेचने के मामले के फरार आरोपियों को पकड़ने गई पुलिस टीम पर जानलेवा हमला कर दिया गया। इस हमले में सांकरा थाना प्रभारी (टीआई) उत्तम तिवारी सहित कई पुलिसकर्मी घायल हो गए।टीआई उत्तम तिवारी ने इस पूरे घटनाक्रम की शिकायत पटेवा थाने में दर्ज कराई है।

 

फरार आरोपियों को पकड़ने पहुंची थी पुलिस टीम

एफआईआर के अनुसार, 11 अप्रैल को वरिष्ठ अधिकारियों के मौखिक निर्देश पर सांकरा थाना प्रभारी उत्तम तिवारी आरक्षक अभिषेक राज दीपक के साथ आबकारी एक्ट के अपराध क्रमांक 37/2026 के फरार आरोपी विजय मार्कंडेय और विनोद मार्कंडेय को गिरफ्तार करने ग्राम पचरी पहुंचे थे। शाम करीब 6 से 7 बजे के बीच पुलिस टीम ने दोनों आरोपियों को घेराबंदी कर पकड़ लिया।

 

 

गिरफ्तारी का विरोध करते हुए पुलिस पर हमला

जैसे ही आरोपियों को शासकीय वाहन में बैठाने का प्रयास किया गया, दोनों आरोपियों ने गिरफ्तारी का विरोध शुरू कर दिया। वे पुलिस टीम से गाली-गलौज करते हुए हाथ-मुक्कों से मारपीट करने लगे। इसके बाद उन्होंने अपने रिश्तेदारों और आसपास के लोगों को पुलिस पर हमला करने के लिए उकसाया।

 

रिश्तेदारों और ग्रामीणों ने किया प्राणघातक हमला

आरोपियों के उकसावे में आकर उनके परिवार के सदस्य- बहन हेमा, पिता छगन, चाचा गुलशन, दादी लीलाबाई, दादा गजेंद्र, पत्नी ज्योति, रिश्तेदार लक्की मार्कंडेय समेत अन्य लोगों ने पुलिस टीम पर लाठी-डंडों, छड़ और ईंट-पत्थरों से हमला कर दिया।

 

इस हमले में टीआई उत्तम तिवारी के सिर, गले और सीने में चोटें आईं। वहीं प्रधान आरक्षक अशवंत मन्नाडे सहित कई महिला आरक्षकों और अन्य जवानों को भी गंभीर चोटें लगीं।

 

पुलिस वाहन पर भी किया पथराव

जब पुलिस टीम आरोपियों को लेकर वापस लौट रही थी, तब भी आरोपियों के परिजनों ने लगातार ईंट-पत्थर फेंके। इस दौरान आरोपी की बहन हेमा पुलिस वाहन के सामने सड़क पर लेट गई। इसी बीच पत्थर लगने से हेमा भी घायल हो गई। साथ ही हाईवे पेट्रोलिंग वाहन (CG 03-6100) का पीछे का कांच टूट गया।

 

पुलिस ने दर्ज किया गंभीर मामला

घटना के बाद पुलिस टीम आरोपियों को लेकर सुरक्षित पटेवा थाना पहुंची। रिपोर्ट के आधार पर विजय मार्कंडेय, विनोद मार्कंडेय और उनके रिश्तेदारों के खिलाफ शासकीय कार्य में बाधा, मारपीट और जानलेवा हमला करने का मामला दर्ज किया गया है