*उद्योग मंत्री श्री लखन लाल देवांगन के प्रयासों से पं रविशंकर से दादर कलवर्ट तक की सड़क डामरीकरण कार्य के लिए एक करोड़ की स्वीकृति मिली*
0 एसईसीएल के सीएसआर मद से मिली स्वीकृति
कोरबा। नगर विधायक एवं छत्तीसगढ़ शासन के कैबिनेट मंत्री श्री लखन लाल देवांगन के प्रयासों से पंडित रविशंकर शुक्ल नगर से दादर नाला कलवर्ट (हनुमान मंदिर के पास) तक सड़क डामरीकरण कार्य हेतु 99.78 लाख की स्वीकृति मिली है।
कैबिनेट मंत्री श्री देवांगन के कोरबा नगर निगम क्षेत्र के प्रत्येक वार्ड को समृद्ध बनाने एवं सभी प्रमुख मार्गो से लेकर वार्डो को जोड़ने वाले सड़कों के डामरीकरण के लिए किए जा रहे सशक्त प्रयासों से सफलताए मिल रही है। हाल ही में कोरबा नगर क्षेत्र के चार प्रमुख सड़कों के डामरीकरण के लिए करीब 6 करोड़ की स्वीकृति राज्य शासन से प्राप्त हुई थी। इसके साथ ही कई अन्य महत्वपूर्ण निर्माण कार्यों के लिए राशि विभिन्न मदों से कोरबा को प्राप्त हो रही है।
पिछले ही महीने कैबिनेट मंत्री श्री लखन लाल देवांगन ने एसईसीएल प्रबंधन को पं रवि शंकर शुक्ल नगर के श्री मेडिको से दादरखुर्द नाला कलवर्ट हनुमान मंदिर के पास तक के सड़क डामरीकरण कार्य हेतु पत्र लिख़ कर एसईसीएल के वरिष्ठ अधिकारियों को तत्काल स्वीकृति हेतु कहा था।एसईसीएल प्रबंधन ने बुधवार को इस महत्वपूर्ण कार्य हेतु 99.78 लाख की स्वीकृति पत्र जारी किया।
0 कई वार्डो की नागरिकों को मिलेगी सुविधा
इस महत्वपूर्ण सड़क डामरीकरण कार्य की स्वीकृति मिलने पर मंत्री श्री लखन लाल देवांगन ने देश के यशस्वी प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी एवं केंद्रीय कोयला मंत्री श्री जी किशन रेड्डी का विशेष आभार व्यक्त किया है। मंत्री श्री देवांगन ने कहा कि शहर के सभी प्रमुख मार्गो से लेकर आंतरिक मार्गों के डामरीकरण हेतु लगातार स्वीकृति प्राप्त हो रही है। दादर मार्ग के डामरीकरण से आरएसएसनगर, दादर खुर्द, मानिकपुर, खरमोरा सहित अन्य क्षेत्र के लोगों को आवागमन में सहूलियत होगी।




