कोरबा 23 मार्च 2026/कलेक्टर श्री कुणाल दुदावत के मार्गदर्शन में कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित जनदर्शन में निगम आयुक्त श्री आशुतोष पांडेय ने आम नागरिकों की समस्याओं को प्राथमिकता के साथ सुना। दूरस्थ एवं शहरी क्षेत्रों से पहुंचे लोगों ने अपनी विभिन्न समस्याएं प्रशासन के समक्ष रखीं।
जनदर्शन के दौरान कुल 78 आवेदन प्राप्त हुए। इनमें प्रमुख रूप से बिजली बिल में सुधार, स्वास्थ्य उपचार के लिए आर्थिक सहायता, प्रधानमंत्री आवास योजना की किश्त की जानकारी, वनाधिकार पट्टा, राशन कार्ड, मुआवजा, नक्शा दुरुस्ती और सीमांकन से जुड़े मामले शामिल रहे।
निगमायुक्त श्री पाण्डेय ने संबंधित विभागीय अधिकारियों को प्राप्त आवेदनों को प्रेषित करते हुए शीघ्रता से निराकरण सुनिश्चित करने निर्देशित किया। जिससे आमजन को राहत मिल सके। इस अवसर पर सीईओ जिला पंचायत श्री दिनेश कुमार नाग, अपर कलेक्टर श्री देवेंद्र पटेल, श्री ओंकार यादव सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।




