रायपुर में पेट्रोल पंप पर खतरनाक हरकत, सिगरेट पीने से मना करने पर नोजल में लगा दी आग, देखिए वीडियो

0
11

रायपुर में पेट्रोल पंप पर खतरनाक हरकत, सिगरेट पीने से मना करने पर नोजल में लगा दी आग

IMG 20260220 105522

रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के उरला इलाके में स्थित एक पेट्रोल पंप पर लापरवाही और आपराधिक मानसिकता का गंभीर मामला सामने आया है। पेट्रोल भरवाने के दौरान सिगरेट पीने से मना करने पर एक युवक ने गुस्से में आकर पेट्रोल नोजल में आग लगा दी, जिससे पंप परिसर में हड़कंप मच गया। गनीमत रही कि पंप कर्मचारियों की सतर्कता से समय रहते आग पर काबू पा लिया गया और एक बड़ी दुर्घटना टल गई।

यह घटना 18 फरवरी की बताई जा रही है, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो सामने आने के बाद लोगों में नाराज़गी देखी जा रही है और पेट्रोल पंपों की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, इमरान नामक युवक अपने मित्र धर्मेंद्र क्षत्री के साथ उरला स्थित पेट्रोल पंप पर बाइक में पेट्रोल भरवाने पहुंचा था। इसी दौरान पेट्रोल भरते समय धर्मेंद्र ने सिगरेट जला ली। सुरक्षा को देखते हुए इमरान ने उसे सिगरेट पीने से रोका, लेकिन यह बात धर्मेंद्र को नागवार गुज़री।

आरोप है कि गुस्से में आकर धर्मेंद्र ने लाइटर से बाइक के टैंक में लगे पेट्रोल नोजल पर ही आग लगा दी। देखते ही देखते बाइक और पेट्रोल रिफिल मशीन में आग भड़क उठी, जिससे वहां मौजूद लोग दहशत में आ गए।हालांकि पंप पर मौजूद कर्मचारियों ने सूझबूझ दिखाते हुए तुरंत रिफिल मशीन की सप्लाई बंद कर दी और आग को फैलने से पहले बुझा लिया। यदि कुछ सेकंड की भी देरी होती, तो बड़ा हादसा हो सकता था।

इस मामले में पेट्रोल पंप मैनेजर की शिकायत पर पुलिस ने दोनों युवकों के खिलाफ मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस का कहना है कि घटना बेहद गंभीर है और पेट्रोल पंप जैसे संवेदनशील स्थानों पर इस तरह की हरकतें जानलेवा साबित हो सकती हैं। मामले की आगे जांच जारी है