Raipur Dri Action: रायपुर एयरपोर्ट पर बड़ी कार्रवाई, 270 ग्राम कोकीन के साथ एक पैसेंजर हिरासत में

रायपुर। राजधानी रायपुर के स्वामी विवेकानंद एयरपोर्ट पर डायरेक्टरेट ऑफ रेवेन्यू इंटेलिजेंस (DRI) ने बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। डीआरआई की टीम ने एयरपोर्ट परिसर के अंदर एक पैसेंजर को 270 ग्राम कोकीन के साथ हिरासत में लिया है।
पकड़ा गया युवक नाइजीरियन मूल का बताया जा रहा है, जो IndiGo की दिल्ली से रायपुर आने वाली फ्लाइट से यात्रा कर रहा था। संदेह के आधार पर डीआरआई अधिकारियों ने उसे एयरपोर्ट के अंदर ही रोककर तलाशी ली, जहां से उसके पास से भारी मात्रा में कोकीन बरामद की गई।
कार्रवाई के बाद आरोपी युवक को डीआरआई कार्यालय ले जाया गया है, जहां उससे फॉरवर्ड और बैकवर्ड लिंक को लेकर गहन पूछताछ की जा रही है। जांच एजेंसी यह पता लगाने में जुटी है कि कोकीन की सप्लाई कहां से आई और इसे किन-किन लोगों तक पहुंचाया जाना था।
डीआरआई अधिकारियों के अनुसार यह कार्रवाई अंतरराष्ट्रीय ड्रग तस्करी नेटवर्क के खिलाफ एक बड़ी सफलता मानी जा रही है। मामले में आगे और गिरफ्तारियों की संभावना से इनकार नहीं किया गया है



