राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु 7 फरवरी को जगदलपुर आएंगी, बस्तर पंडुम के शुभारंभ कार्यक्रम में होंगी शामिल

0
18
छत्तीसगढ़

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु 7 फरवरी को जगदलपुर आएंगी, बस्तर पंडुम के शुभारंभ कार्यक्रम में होंगी शामिल

रायपुर। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु आगामी 7 फरवरी को छत्तीसगढ़ के जगदलपुर प्रवास पर रहेंगी। वे बस्तर पंडुम के संभाग स्तरीय शुभारंभ कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत करेंगी। राष्ट्रपति के प्रस्तावित दौरे को लेकर राज्य प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं।राष्ट्रपति के बस्तर प्रवास के मद्देनज़र मुख्य सचिव विकास शील ने आज मंत्रालय, रायपुर में वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारियों की उच्चस्तरीय बैठक लेकर कार्यक्रम आयोजन एवं उससे जुड़ी व्यवस्थाओं की समीक्षा की। बैठक में सुरक्षा, चिकित्सा सेवाएं, आवागमन, प्रोटोकॉल, आवास और कार्यक्रम स्थल की तैयारियों सहित सभी आवश्यक पहलुओं पर विस्तार से चर्चा कर संबंधित अधिकारियों को दिशा-निर्देश जारी किए गए।

मुख्य सचिव ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बस्तर कलेक्टर से ज़मीनी तैयारियों की जानकारी ली और आवश्यक सुधारात्मक कदमों के निर्देश दिए। साथ ही रायपुर कलेक्टर को भी समन्वय और लॉजिस्टिक व्यवस्थाओं को लेकर आवश्यक निर्देश प्रदान किए गए।बैठक में जनसंपर्क एवं संस्कृति विभाग के सचिव डॉ. रोहित यादव, सामान्य प्रशासन विभाग के सचिव अविनाश चंपावत, गृह विभाग की सचिव नेहा चंपावत, स्वास्थ्य विभाग के सचिव अमित कटारिया, लोक निर्माण विभाग के सचिव डॉ. कमलप्रीत सिंह सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

राज्य प्रशासन ने स्पष्ट किया कि राष्ट्रपति के दौरे को सुरक्षित, सुव्यवस्थित और गरिमामय बनाने के लिए सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य कर रहे हैं, ताकि बस्तर पंडुम का शुभारंभ सफलतापूर्वक संपन्न हो सके