मेडिकल नशे के खिलाफ रायपुर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 5 आरोपी गिरफ्तार

रायपुर। राजधानी रायपुर में मेडिकल नशे के बढ़ते नेटवर्क पर पुलिस ने बड़ी चोट की है। रायपुर क्राइम ब्रांच और पुरानी बस्ती थाना पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में भारी मात्रा में प्रतिबंधित नशीली दवाओं के साथ 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 16,800 नग अल्फा जोलम और 1,008 नग स्पास्मो टेबलेट जब्त की है। चौंकाने वाली बात यह है कि गिरफ्तार आरोपियों में एक एमआर (मेडिकल रिप्रेजेंटेटिव) और तीन मेडिकल स्टोर संचालक भी शामिल हैं, जिससे मेडिकल सिस्टम के दुरुपयोग का गंभीर खुलासा हुआ है।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने आरोपियों के पास से एक चार पहिया सफारी वाहन भी जब्त किया है, जिसका उपयोग नशीली दवाओं की सप्लाई में किए जाने की आशंका है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि ये प्रतिबंधित दवाएं अवैध तरीके से युवाओं और नशे के आदी लोगों तक पहुंचाई जा रही थीं।
मामले में पुरानी बस्ती थाना में NDPS एक्ट के तहत एफआईआर दर्ज कर ली गई है। रायपुर पुलिस का कहना है कि यह केवल शुरुआत है और जल्द ही पूरे नेटवर्क का बड़ा खुलासा किया जाएगा। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि इस गिरोह के तार राज्य के अन्य जिलों या बाहर के राज्यों से तो नहीं जुड़े हैं।
यह कार्रवाई न केवल मेडिकल नशे के खिलाफ एक सख्त संदेश है, बल्कि यह भी दर्शाती है कि पुलिस ऐसे संगठित अपराधों के प्रति अब जीरो टॉलरेंस की नीति पर काम कर रही है




