Acn18. Com.जांजगीर-चांपा जिले के नवागढ़ में ब्लॉक कांग्रेस कमेटी ने चुनाव आयोग के खिलाफ मोर्चा खोल दिया। 10 सूत्रीय मांगों को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार का पुतला दहन कर उन्हें पद से हटाने की मांग की।
दरअसल, ब्लॉक कांग्रेस कमेटी नवागढ़ ने राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपकर निर्वाचन आयोग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए हैं। कांग्रेस ने मुख्य चुनाव आयुक्त पर एकतरफा फैसले लेने और आयोग के भीतर कथित आपत्तियों की अनदेखी करने के आरोप लगाए हैं
वहीं, मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण यानी एसआईआर की प्रक्रिया में भी कांग्रेस ने कथित अनियमितताओं का मुद्दा उठाया। पार्टी का आरोप है कि पात्र मतदाताओं के नाम काटे जाने और नए नाम जोड़ने में विसंगतियों से मतदाताओं के अधिकार प्रभावित हो सकते हैं।
कांग्रेस ने मुख्य चुनाव आयुक्त को पद से हटाने, कथित अनियमितताओं की जांच कराने और विवादित फैसलों की सुप्रीम कोर्ट के मौजूदा न्यायाधीशों की निगरानी में न्यायिक जांच कराने की मांग की है।
नवागढ़ में पुतला दहन के जरिए कांग्रेस ने चुनावी प्रक्रिया में पारदर्शिता और निष्पक्षता सुनिश्चित करने की मांग उठाई। हालांकि, ये आरोप कांग्रेस की ओर से लगाए गए हैं।





