Home Uncategorized सड़क सुरक्षा माह 1 जनवरी से: कलेक्ट्रेट चौक से निकलेगी हेलमेट बाइक...

सड़क सुरक्षा माह 1 जनवरी से: कलेक्ट्रेट चौक से निकलेगी हेलमेट बाइक रैली

0
31

माहभर चलेंगे जागरूकता कार्यक्रम

रायपुर । सड़क दुर्घटनाओं पर नियंत्रण और सुरक्षित आवागमन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से सड़क सुरक्षा माह 2026 का आयोजन 1 से 31 जनवरी 2026 तक किया जाएगा। इसका शुभारंभ 1 जनवरी 2026 को सुबह 10 बजे कलेक्ट्रेट चौक स्थित छत्तीसगढ़ महतारी की प्रतिमा के सामने से हेलमेट बाइक रैली के माध्यम से किया जाएगा।

यह जानकारी यातायात पुलिस रायपुर द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति में दी गई है। रैली में पुलिस, जिला प्रशासन, स्वयंसेवी संगठन और आम नागरिक शामिल होंगे। रैली शहर के प्रमुख मार्गों से होकर गुजरेगी और हेलमेट पहनने के प्रति लोगों को जागरूक किया जाएगा।

यातायात जागरूकता के लिए होंगे विविध आयोजन
भारत सरकार के सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय के निर्देश पर यह आयोजन किया जा रहा है, जिसमें पुलिस, परिवहन, शिक्षा, स्वास्थ्य, लोक निर्माण, एनएचएआई, नगरीय प्रशासन सहित एनसीसी, एनएसएस, स्काउट-गाइड और स्वयंसेवी संगठनों की सहभागिता रहेगी।

यातायात पुलिस रायपुर द्वारा सड़क सुरक्षा माह के दौरान निम्नलिखित कार्यक्रम प्रस्तावित हैं:

चौक-चौराहों पर यातायात नियमों का पालन करने वाले नागरिकों का सम्मान

सड़क दुर्घटनाओं में घायलों की मदद करने वाले गुड सेमेरिटन का सम्मान
शैक्षणिक संस्थानों में यातायात प्रशिक्षण कार्यक्रम
शहर के प्रमुख चौराहों पर फ्लैक्स और होर्डिंग्स
बस, ऑटो और ई-रिक्शा में जागरूकता बैनर व पोस्टर
ग्रामीण क्षेत्रों में जागरूकता रथ, पीए सिस्टम से अनाउंसमेंट और नुक्कड़ नाटक
ऑटो व ई-रिक्शा चालकों के लिए प्रशिक्षण एवं नेत्र/स्वास्थ्य परीक्षण शिविर
व्यवसायिक वाहन चालकों के लिए विशेष प्रशिक्षण शिविर
एनएसएस और एनसीसी कैडेट्स द्वारा चौराहों पर जागरूकता अभियान
स्कूल बस चालकों के लिए प्रशिक्षण कार्यक्रम
स्कूलों में रंगोली, चित्रकला और निबंध प्रतियोगिता
टोल प्लाजा पर भारी वाहनों के चालकों को समझाइश
स्मार्ट सिटी के पीए सिस्टम, एलईडी और वीएमएस बोर्ड पर यातायात संदेश
मॉल, सिनेमाघरों और मल्टीप्लैक्स में जागरूकता वीडियो
इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में स्लोगन और प्रचार
समापन समारोह एवं पुरस्कार वितरण

यातायात पुलिस की अपील
रायपुर पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे सुरक्षित यातायात के लिए नियमों का पालन करें। नशे की हालत में वाहन न चलाएं, तेज गति से वाहन न चलाएं, दोपहिया वाहन पर हेलमेट अवश्य पहनें, दोपहिया में केवल दो सवारी ही बैठाएं और चारपहिया वाहन चलाते समय सीट बेल्ट लगाएं।

पुलिस का कहना है कि यातायात नियम आपकी सुरक्षा के लिए बनाए गए हैं। इनका पालन कर सड़क दुर्घटनाओं को रोका जा सकता है।