Home Uncategorized छत्तीसगढ़ में भी दिखा बिहार रुझानों का असर, NDA की बड़ी बढ़त...

छत्तीसगढ़ में भी दिखा बिहार रुझानों का असर, NDA की बड़ी बढ़त से CG के BJP नेताओं में उत्साह; विपक्ष पर बोले तीखे हमले

0
83

छत्तीसगढ़ > बिहार विधानसभा चुनाव 2025 की मतगणना शुक्रवार सुबह शुरू होते ही रुझानों में भाजपा-नीत एनडीए को जोरदार बढ़त मिलती दिखाई दी। इस बढ़त ने न सिर्फ बिहार बल्कि छत्तीसगढ़ के भाजपा नेताओं में भी उत्साह भर दिया है। वजह यह भी है कि चुनाव प्रबंधन में छत्तीसगढ़ के कई मंत्री और विधायक बिहार में तैनात थे। जैसे-जैसे एनडीए की सीटें बढ़ीं, वैसे-वैसे छत्तीसगढ़ के नेताओं की प्रतिक्रियाएं भी सामने आती रहीं।

पूर्व सीएम बघेल पर डिप्टी सीएम विजय शर्मा का हमला

छत्तीसगढ़ के डिप्टी सीएम विजय शर्मा ने बिहार रुझानों के बीच पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने बघेल को बिहार चुनाव का सीनियर ऑब्जर्वर बनाकर गलती की है। शर्मा ने आरोप लगाया—
“भूपेश बघेल को अपने बोलने का तरीका बदलना चाहिए। प्रभावशाली नेता बनने के लिए व्यवहार सुधारना जरूरी है। हर जगह लाठी लेकर सबको भैंस समझने से नेतृत्व नहीं बनता।”

“जनता ने जंगल राज नहीं, विकास को चुना” – विजय शर्मा

डिप्टी सीएम विजय शर्मा ने दावा किया कि बिहार में एनडीए की बढ़त पहले से अपेक्षित थी। उन्होंने कहा, “बिहार चुनाव प्रचार में हवा साफ महसूस हो रही थी। 190 सीटों से ज्यादा आने का पूरा अंदाज़ा था। बिहार की जनता ने जंगल राज को छोड़कर विकास को चुना है।” इसके साथ ही उन्होंने कहा कि राहुल गांधी कहीं भी प्रभावी नेतृत्व नहीं दे पा रहे और कांग्रेस को आत्मचिंतन करना चाहिए।

उपमुख्यमंत्री अरुण साव बोले— “देश की राजनीति को नई दिशा देगा परिणाम”

छत्तीसगढ़ के उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने भी बिहार रुझानों को ऐतिहासिक करार दिया। उन्होंने कहा— “बिहार की जनता ने सभी हथकंडों को नकारते हुए विकास और डबल इंजन सरकार पर भरोसा जताया है। नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में एनडीए को जो समर्थन मिला है, वह देश की राजनीति को नई दिशा देगा।”

“NDA की बढ़त नहीं, यह सुनामी है” – वित्त मंत्री ओपी चौधरी

वित्तमंत्री ओपी चौधरी ने एनडीए की बढ़त को “आंधी और सुनामी” बताया। उन्होंने कहा— “बिहार की जनता ने एनडीए को भरपूर आशीर्वाद दिया है। केंद्र और राज्य की साझी सरकार विकसित भारत की नींव रख रही है। जनता समझ रही है कि भाजपा और उसके सहयोगी सुशासन ला रहे हैं।”

कांग्रेस पर हमला— “डूबती नाव, महाठगबंधन”

कांग्रेस द्वारा उठाए गए “वोट चोरी” के आरोपों पर भी ओपी चौधरी ने तीखा जवाब दिया। उन्होंने कहा— “कांग्रेस खुद डूबती नाव है। महागठबंधन अब ‘महाठगबंधन’ बन चुका है। इनके नेता जगह-जगह अपनी राजनीतिक जमीन बचाने भाग रहे हैं। जनता इनके नकारात्मक एजेंडे और अनर्गल आरोपों का जवाब दे रही है।”