स्वतंत्रता दिवस समारोह में हंगामा, कानून-व्यवस्था पर उठे सवाल

0
74

स्वतंत्रता दिवस समारोह में हंगामा, कानून-व्यवस्था पर उठे सवाल

कवर्धा में जिला स्तरीय स्वतंत्रता दिवस के मुख्य समारोह के दौरान उस समय माहौल बिगड़ गया, जब कार्यक्रम स्थल पर ही दो पक्ष आपस में भिड़ गए। एक ओर मंच पर देशभक्ति का रंग बिखर रहा था, वहीं दूसरी ओर मैदान में बहस करते-करते कुछ लोग हाथापाई पर उतर आए। यह पूरी घटना वहां मौजूद लोगों ने अपने मोबाइल में कैद कर ली, जिसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, विवाद के दौरान भारी पुलिस बल मौजूद होने के बावजूद स्थिति को नियंत्रित करने में देरी हुई। इससे अफरा-तफरी का माहौल बन गया और समारोह का गरिमा पूर्ण वातावरण बाधित हो गया। लोगों का कहना है कि जब राष्ट्रीय पर्व जैसे पावन अवसर पर, वह भी पुलिस की सख्त मौजूदगी में, इस तरह की घटनाएं हो सकती हैं, तो आम दिनों में सुरक्षा का भरोसा कैसे किया जाए।

वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर लोग हैरानी और नाराज़गी जता रहे हैं। उनका कहना है कि स्वतंत्रता दिवस जैसे अवसर पर संयम बनाए रखना हर नागरिक की जिम्मेदारी है, लेकिन कुछ लोगों ने लापरवाही और आक्रामकता दिखाकर जिले की छवि को धूमिल किया है।

मौके पर एक लड़के को पुलिस ने पकड़ा, जिसने बताया कि वह और अन्य सभी लोग 9वीं कक्षा के छात्र हैं और आपस में पुरानी रंजिश के कारण विवाद में रहते हैं। नशे की लत के कारण उनका व्यवहार असामान्य रहता है। पकड़े गए लड़के के बारे में पुलिस का कहना है कि वह सूखे नशे के प्रभाव में था। कार्यक्रम के दौरान सामने की पंक्ति में बैठने को लेकर विवाद बढ़ा और झगड़े में बदल गया। घटना में किसी को कोई चोट नहीं आई, और सभी के नाबालिग होने के कारण पुलिस ने समझाइश देकर छोड़ दिया।

इस घटना ने न केवल प्रशासनिक व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं, बल्कि सुरक्षा इंतज़ामों की कमजोरी को भी उजागर कर दिया है। फिलहाल, मारपीट के कारणों को लेकर प्रशासन की ओर से कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है।

Screenshot 20250816 103255 Gallery