Home KORBA गर्लफ्रेंड से ब्रेकअप…चित्रकोट वाटरफॉल से कूदा युवक,मना करते रहे लोग, नाविक ने...

गर्लफ्रेंड से ब्रेकअप…चित्रकोट वाटरफॉल से कूदा युवक,मना करते रहे लोग, नाविक ने बचाई जान; दोस्तों संग आया था घूमने

0
106

Acn18.com/छत्तीसगढ़ में बस्तर के चित्रकोट वाटरफॉल से एक युवक ने छलांग लगाकर सुसाइड का प्रयास किया है। हालांकि, नीचे मौजूद एक नाविक नाव लेकर उसके पास पहुंच गया और उसकी जिंदगी बचा ली। अब युवक के छलांग लगाने का लाइव वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। एक दिन पहले अपने कुछ दोस्तों के साथ वह चित्रकोट जल प्रपात घूमने आया था।

युवक का नाम भीम कुमार यादव है। ये नारायणपुर जिले के छोटे डोंगर थाना क्षेत्र के कनहार गांव का रहने वाला है। पूछताछ में पता चला वह एक युवती से प्यार करता था। पिछले कुछ सालों से दोनों के बीच प्रेम प्रसंग चल रहा था। लेकिन इस बीच युवती ने इससे ब्रेकअप कर लिया। जिसके बाद से यह डिप्रेशन में था। वहीं 29 जनवरी को चित्रकोट पहुंचा और इसने सुसाइड का प्रयास किया है। पुलिस ने इसे समझाइश देकर छोड़ दिया है।

तुरंत पहुंचा नाविक, निकाला बाहर

इस बीच वहां मौजूद अन्य पर्यटकों ने उसे रोकने की कोशिश की। ऐसा नहीं करने कहा गया, लेकिन वह नहीं माना और नीचे कूद गया। गनीमत रही कि पानी कम था और वहां पहले से ही एक नाविक मौजूद था। युवक नीचे कूदा और तैरने लगा। नाविक उसके पास नाव लेकर पहुंच गया। युवक को वहां से बाहर निकाला गया।

पर्यटकों ने बनाया वीडियो

वहीं इस मामले की जानकारी चित्रकोट पुलिस चौकी के जवानों को दी गई। जवानों ने युवक से पूछताछ की और उसे जाने दिया। वहीं वहां पास में मौजूद कुछ पर्यटकों ने युवक के छलांग लगाने का वीडियो बना लिया। यह वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।

पहले भी लोग कर चुके हैं सुसाइड

दरअसल, इस चित्रकोट जल प्रपात में पहले भी कुछ लोगों ने छलांग लगाकर आत्महत्या की है। कुछ साल पहले दंतेवाड़ा जिले के 2 युवाओं ने पारिवारिक कारणों की वजह से (अलग-अलग साल में) छलांग लगाकर सुसाइड किया था। वहीं कुछ महीने पहले ही एक युवती भी नीचे कूद गई थी। दो दिन तक उसकी तलाश की गई। बाद में उसकी लाश मिली थी।