रायपुर स्टील प्लांट में बड़ा धमाका:एक की मौत, दो मजदूर बुरी तरह झुलसे, प्लांट के अंदर हुआ ब्लास्ट; सभी घायलों का इलाज जारी

Acn18.com/दुर्ग के रसमढ़ा औद्योगिक क्षेत्र में स्थित रायपुर स्टील प्लांट में रविवार सुबह बड़ा ब्लास्ट हो गया। जिस समय ब्लास्ट हुआ वहां कई मजदूर काम कर रहे थे। आग की चपेट में आने से एक मजदूर की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो मजदूर बुरी तरह झुलस गए हैं। कई मजूदर और भी घायल हुए हैं। सभी का इलाज सेक्टर 9 हॉस्पिटल में चल रहा है।

जानकारी के मुताबिक रविवार को फैक्ट्री बंद थी। प्रबंधन भी नहीं आया था। उसके बाद भी अंदर लोहा पिघलाने का काम चल रहा था। वहां 100 से अधिक मजदूर काम कर रहे थे। इसी दौरान अचानक भट्ठी में ब्लास्ट हो गया। इससे वहां क्रेन ऑपरेट करने वाले मजदूर के ऊपर गर्म लोहा छिटक कर आ गिरा। इससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। उसकी पहचान खेमलाल साहू निवासी गनियारी के रूप में हुई है।

मजदूर देवेंद्र कुमार साहू 50 प्रतिशत से अधिक झुलस गया है। एक अन्य मजदूर का पैर टूट गया है। घायलों को तुरंत सेक्टर 9 हॉस्पिटल ले जाया गया है। फैक्ट्री में ब्लास्ट कैसे हुआ इसकी जानकारी अभी तक नहीं चल पाई है। अंजोरा और दुर्ग पुलिस मौके पर पहुंची हुई है। किसी को भी फैक्ट्री के अंदर नहीं जाने दिया जा रहा है। पुलिस का कहना है कि जांच के बाद ही ब्लास्ट के कारणों का पता चल पाएगा।

घटना के बाद भी मौके पर नहीं पहुंचा प्रबंधन

इस घटना को लेकर बड़ा सवाल ये उठ रहा है कि इतनी बड़ी घटना हो जाने के बाद भी प्रबंधन का एक भी जिम्मेदार आदमी मौके पर नहीं पहुंचा है। पूरी फैक्ट्री को बंद करके रखा गया है। अंदर सिर्फ पुलिस और एम्बुलेंस को जाने दिया गया है। सवाल ये उठ रहा है कि जब रविवार को छुट्टी का दिन था और प्रबंधन सहित बड़े टेक्नीशियन और इंजीनियर छुट्टी पर थे तो फिर वहां लोहा पिघलाने का काम कैसे चल रहा था। नॉन टेक्निकल मजदूर इतना रिस्क वाला काम कैसे कर रहे थे।

परिजनों का रो रोकर बुरा हाल

आग से झुलसे मजदूर देवेंद्र कुमार साहू के पिता मुरलीधर साहू ने बताया कि उनका बेटा रायपुर स्टील प्लांट रसमढ़ा में काम करता था। उन्होंने बताया कि उनके पास रविवार सुबह 7 बजे के करीब फोन आया कि उनके बेटे को सेक्टर 9 हॉस्पिटल लेकर गए हैं। वो झुलस गया है। जाने पर पता चला कि वो 50 प्रतिशत झुलस गया है।

जिला पंचायत सदस्य लक्ष्मी साहू भी वहां आई थीं। उन्होंने डॉक्टरों से बात की। मुरलीधर ने रोते हुए कहा कि उसके बेटे के बीबी बच्चे हैं। हमें कुछ नहीं चाहिए, सिर्फ हमारा बेटा बच जाए। वहीं दूसरे घायल मजदूर की पहचान सदानंद के रूप में हुई है। उसका पैर टूट गया है। सेक्टर 9 में इलाज चल रहा है।