

अंबिकापुर। बाल संप्रेक्षण गृह से सुरक्षा व्यवस्था को ठेंगा दिखाते हुए 11 अपचारी बालकों के फरार होने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। इस घटना के बाद से संप्रेक्षण गृह प्रबंधन और पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है। फरार हुए बालक अलग-अलग गंभीर मामलों में बंद थे। घटना की सूचना मिलते ही गांधीनगर थाना पुलिस सभी फरार बालकों की सरगर्मी से तलाश में जुट गई है।
खिड़की तोड़कर और दीवार फांदकर भागे बालक
यह घटना देर शाम लगभग 7:30 बजे की है। जब तेज गरज-चमक के साथ मूसलाधार बारिश हो रही थी, जिसके कारण बिजली भी गुल हो गई थी। इसी अंधेरे और कड़कड़ाती बिजली का फायदा उठाकर बालकों ने बैरक की खिड़की तोड़ दी और पूरी खिड़की को बाहर निकाल दिया। इसके बाद वे संप्रेक्षण गृह के पीछे की ऊंची दीवार को फांदकर भागने में सफल रहे। हैरानी की बात यह है कि घटना के वक्त मुख्य गेट पर दो सुरक्षाकर्मी तैनात थे, लेकिन उन्हें इसकी भनक तक नहीं लगी।
भोजन करने के बाद दिया घटना को अंजाम
बाल संरक्षण गृह के हाउस फादर मनीष कुशवाहा ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि
शाम को लगभग 7:30 बजे सभी बच्चे भोजन करने के बाद अपने-अपने कक्ष में चले गए थे। कुछ बच्चे टीवी देख रहे थे, तभी अचानक तेज बारिश और गरज-चमक शुरू हो गई और बिजली चली गई। इसी दौरान कुछ बालकों ने खिड़की को उखाड़ दिया और 11 बालक से फरार हो गए।
आदतन बदमाश के बहकावे में आने की आशंका
हाउस फादर ने अनुसार फरार हुए बालक सरगुजा, सूरजपुर और कोरिया जिले के हैं, जो चोरी, दुष्कर्म और हत्या जैसे अलग-अलग मामलों में यहाँ रखे गए थे। इनमें से कुछ बच्चे हाल ही में आए थे, जबकि कुछ लंबे समय से यहाँ थे। उन्होंने आशंका जताई कि फरार बालकों में अंबिकापुर का ही एक आदतन अपराधी भी शामिल है, जिस पर कई थानों में मामले दर्ज हैं और वह पहले भी कई बार यहाँ आ चुका है। संभवतः उसी ने बाकी बच्चों को बहला-फुसलाकर इस साजिश को अंजाम दिया है।
पुलिस ने की नाकाबंदी, तलाश जारी
11 अपचारी बालकों के एक साथ फरार होने की खबर मिलते ही गांधीनगर थाना पुलिस तुरंत एक्शन में आई। पुलिस ने शहर के चारों ओर नाकाबंदी कर दी है और रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड सहित संभावित ठिकानों पर चेकिंग की जा रही है। संप्रेक्षण गृह प्रबंधन और पुलिस की टीमें लगातार खोजबीन में जुटी हुई हैं। इसके साथ ही फरार बच्चों के परिजनों से भी संपर्क साधा जा रहा है। अधिकारियों का दावा है कि जल्द ही सभी बालकों को दोबारा ढूंढ लिया जाएगा।




