फरसगांव के चिचाड़ी में रक्षाबंधन के दिन 16 वर्षीय छात्र साहिल नेताम का शव जंगल में पेड़ पर मिला। पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।
छत्तीसगढ़ के फरसगांव रक्षाबंधन के दिन ग्राम चिचाड़ी के सोडापारा में एक घटना से परिवार की खुशियां मातम में बदल गईं। 16 वर्षीय कक्षा 10वीं के छात्र साहिल नेताम पिता चैतूराम नेताम ने गांव के जंगल में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। रक्षाबंधन पर बहन भाई की कलाई पर राखी बांधने की तैयारी में थी, लेकिन भाई की मौत की खबर से परिवार में शोक छा गया।
घटना के कारणों की जांच में जुटी पुलिस
परिजनों के अनुसार, साहिल गुरुवार शाम करीब 7 बजे घर से निकला था। देर तक वापस नहीं लौटने पर परिजनों ने उसकी तलाश की, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिली। शुक्रवार शाम जंगल में मवेशी चराने गए ग्रामीण ने पेड़ पर साहिल का शव देखा और परिजनों को सूचना दी। सूचना मिलते ही परिजन फरसगांव थाना पहुंचे। पुलिस ने मर्ग कायम कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घटना के कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
राजधानी के तालाब में मिली युवती की लाश
वहीं कुछ सप्ताह पहले राजधानी रायपुर के खमतराई थाना क्षेत्र की WRS कॉलोनी में मंगलवार 4 अगस्त को हड़कंप मच गया, जब तालाब में एक अज्ञात युवती का शव तैरता हुआ मिला। स्थानीय लोगों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को तालाब से बाहर निकलवाया। मृतका की उम्र लगभग 24 से 25 वर्ष के बीच बताई जा रही है।
घटनास्थल पर पहुंची पुलिस और फॉरेंसिक टीम
मामले की गंभीरता को देखते हुए डीसीपी नॉर्थ, एसीपी उरला, एफएसएल टीम और क्राइम ब्रांच के अधिकारी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू की।
रायपुर के खमतराई थाना क्षेत्र की WRS कॉलोनी में तालाब में एक अज्ञात युवती का शव तैरता हुआ मिला। स्थानीय लोगों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची।
मोबाइल फोन बना जांच का अहम सुराग
पुलिस को घटनास्थल से युवती का मोबाइल फोन भी मिला है। अब मोबाइल में मौजूद डेटा, कॉल रिकॉर्ड और अन्य तकनीकी जानकारियों के आधार पर मृतका की पहचान करने की कोशिश की जा रही है। पुलिस का मानना है कि पहचान होने के बाद जांच को महत्वपूर्ण दिशा मिल सकती है।
हर पहलू से हो रही जांच
फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि युवती की मौत किन परिस्थितियों में हुई। पुलिस हत्या, दुर्घटना और आत्महत्या—तीनों संभावनाओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जाएगी, ताकि युवती की अंतिम गतिविधियों और उसके साथ किसी अन्य व्यक्ति की मौजूदगी का पता लगाया जा सके।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार
पुलिस अधिकारियों के अनुसार मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम और फॉरेंसिक रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा। फिलहाल मृतका की पहचान और पूरे घटनाक्रम की जांच जारी है।








