बिहार में लगातार पांच दिनों से हो रही बारिश के कारण 14 जिलों में बाढ़ की स्थिति बनी हुई है। 40 लाख से ज्यादा लोग प्रभावित हैं। इनमें सबसे ज्यादा पटना, भोजपुर, सारण, वैशाली, भागलपुर और बेगूसराय के लोग हैं। मौसम विभाग के मुताबिक, सितंबर में अब तक बिहार में 83.6 मिमी बारिश हुई है। यह सामान्य से 24% ज्यादा है।
भागलपुर के सुल्तानगंज में गंगा का पानी 36.78 मीटर तक पहुंच गया है। यह 2021 में दर्ज 36.75 मीटर के सबसे ऊंचे स्तर से भी ज्यादा है। यहां तिलकामांझी यूनिवर्सिटी में गंगा का पानी घुस गया है। टीचर्स और स्टूडेंट्स आने-जाने के लिए नाव का सहारा ले रहे हैं।
इधर, यूपी के 26 जिले बाढ़ की चपेट में हैं और करीब 4 लाख लोग प्रभावित हैं। लगातार बारिश से नदियां उफान पर हैं। बरेली में प्राचीन मंदिर रामगंगा नदी में समा गया, जबकि बाराबंकी में सरयू के पानी में करीब 12 मकान डूब गए। फर्रुखाबाद में 10 दिन में 15 मकान गंगा में समा चुके हैं।
वहीं, एमपी और राजस्थान में फिलहाल बारिश का दौर थमा हुआ है। एमपी में अगले 3 दिन तेज बारिश की संभावना नहीं है। राजस्थान में 11 सितंबर से बारिश शुरू होने का अनुमान है। बुधवार को यहां 10 शहरों में तापमान 35 डिग्री से ऊपर रहा।









