
कोरबा।जिले में दो अलग-अलग थाना क्षेत्रों में पानी में डूबने से दो लोगों की मौत हो गई। पहली घटना कटघोरा थाना क्षेत्र के नवागांव में हुई, जहां 88 वर्षीय बुजुर्ग महिला की तालाब में डूबने से मौत हो गई। वहीं दूसरी घटना उरगा थाना क्षेत्र के ग्राम चितापाली में हुई, जहां बहते नाले में बहने से 21 वर्षीय युवक की मौत हो गई। दोनों मामलों में पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।
पहली घटना थाना कटघोरा क्षेत्र के ग्राम नवागांव की है। मृतका का नाम परागा बाई पति स्व. अंकिरा प्रसाद बेला, उम्र 88 वर्ष, निवासी नवागांव बताया गया है। मामले का संक्षिप्त विवरण इस प्रकार है कि प्रथम हमराह गोपीचंद निषाद ने थाना उपस्थित आकर मर्ग इंटिमेशन दर्ज कराया कि उसकी बड़ी माँ परागा बाई शनिवार शाम करीब 04 बजे घर से निकलकर गांव के तालाब की ओर गई थी। इसी दौरान बस्ती वालों ने उसे तालाब के पानी में डूबते हुए देखा। ग्रामीणों की सूचना पर राज एवं देव प्रसाद बेला ने मिलकर बुजुर्ग महिला को पानी से बाहर निकाला और तत्काल सीएचसी अस्पताल कटघोरा लेकर गए, जहां डॉक्टर ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। बताया गया कि वृद्धावस्था होने के कारण महिला तालाब के गहरे पानी में चली गई, जिससे डूबने से उसकी मौत हो गई। सूचना पर पुलिस ने मर्ग इंटिमेशन चाक कर पंचनामा कार्यवाही की है और इसकी सूचना एसडीएम को भेज दी गई है।
वहीं दूसरी घटना उरगा थाना क्षेत्र के ग्राम चितापाली की है। यहां सोमवार को उस वक्त हड़कंप मच गया जब डोम नाला के पास एक 21 वर्षीय युवक का शव बरामद हुआ। मृतक की पहचान संजय धनवार पिता सुख सिंग धनवार, निवासी ग्राम चितापाली के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार संजय धनवार बीते दिन से घर नहीं लौटा था, जिसके बाद परिजन उसकी तलाश में जुटे हुए थे। इसी दौरान डोम नाला के पास युवक का शव मिलने की सूचना सामने आई। घटना की जानकारी मिलते ही उरगा पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। फिलहाल युवक की मौत किन परिस्थितियों में हुई, यह स्पष्ट नहीं हो सका है। आशंका जताई जा रही है कि तेज बहाव के चलते वह नाले में बह गया होगा।
पुलिस दोनों मामलों की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।








