अंबिकापुर-बिलासपुर राष्ट्रीय राजमार्ग-130 स्थित लहपटरा टोल प्लाजा में मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े के काफिले की एक गाड़ी पर टोल का बूम बैरियर गिरने के बाद विवाद हो गया।
रायपुर। अंबिकापुर-बिलासपुर राष्ट्रीय राजमार्ग-130 स्थित लहपटरा टोल प्लाजा में मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े के काफिले की एक गाड़ी पर टोल का बूम बैरियर गिरने के बाद विवाद हो गया। गाड़ी से उतरे एक व्यक्ति ने टोल कर्मचारी के साथ मारपीट कर दी। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। मामले में शिकायत के बाद दोनों पक्ष लखनपुर थाने पहुंचे हैं। पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
मिली जानकारी के अनुसार , रात करीब 12 बजे महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े का काफिला लहपटरा टोल प्लाजा से गुजर रहा था। काफिले की पहली गाड़ी फास्टैग के कारण बैरियर पार कर गई। इसके बाद दूसरी गाड़ी तेज गति से निकली, इसी दौरान बैरियर नीचे आने लगा और गाड़ी के संपर्क में आ गया। इसके बाद काफिले में शामिल एक व्यक्ति ने टोल कर्मचारी मनोज कुमार राजवाड़े से विवाद करते हुए मारपीट कर दी। वायरल वीडियो में टोल कर्मचारी हाथ जोड़कर खड़ा दिखाई दे रहा है, जबकि एक व्यक्ति उसके साथ मारपीट करता नजर आ रहा है।
दोनों पक्ष थाने में, जांच करेंगे
सरगुजा एसएसपी राजेश अग्रवाल ने बताया कि, घटना की शिकायत थाने में दी गई है और दोनों पक्ष थाने में मौजूद हैं। जांच के बाद पूरे मामले की स्थिति स्पष्ट होगी।








