Home KORBA कोरबा में सड़क हादसों पर प्रशासन सख्त! ब्लैक स्पॉट पर होंगे सुरक्षा...

कोरबा में सड़क हादसों पर प्रशासन सख्त! ब्लैक स्पॉट पर होंगे सुरक्षा इंतजाम, लापरवाह वाहन चालकों पर कसेगा शिकंजा

0
4

Acn18. Com कोरबा जिले में बढ़ते सड़क हादसों पर अब प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। कलेक्टर कुणाल दुदावत और एसपी सिद्धार्थ तिवारी ने जिला स्तरीय सड़क सुरक्षा समिति की बैठक लेकर दुर्घटना संभावित क्षेत्रों और ब्लैक स्पॉट पर तत्काल सुरक्षा सुधार के निर्देश दिए हैं।

खास तौर पर कटघोरा-अंबिकापुर मार्ग के ब्लैक स्पॉट, तीखे मोड़ और घाट वाले इलाकों में रंबल स्ट्रिप, क्रैश बैरियर, रोड शोल्डर, स्पीडोमीटर और चेतावनी संकेतक लगाने के निर्देश दिए गए हैं।

वहीं क्षतिग्रस्त रोड शोल्डर की मरम्मत के साथ रेडियमयुक्त बोर्ड, डेलिनेटर और सोलर लाइट लगाने पर भी जोर दिया गया है। भारी वाहनों के पीछे विजिबल रेडियम पट्टी लगाने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि रात के समय सड़क पर खड़े वाहनों को आसानी से देखा जा सके।

सड़क सुरक्षा कार्यों में धीमी प्रगति पर कलेक्टर ने नाराजगी जताई है। भैंसमा स्कूल से सक्ती मोड़, बालको ऐश डेक रोड, रिस्दी ब्रिज से बजरंग चौक, दीपका-झाबर रोड और दीपका थाना चौक समेत कई स्थानों के लंबित कार्य जल्द पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं। वहीं पीडब्ल्यूडी के कार्यपालन अभियंता को नोटिस जारी करने के निर्देश भी दिए गए।

एसपी सिद्धार्थ तिवारी ने ओवरस्पीड, शराब पीकर वाहन चलाने, बिना हेलमेट, तीन सवारी, बिना नंबर प्लेट और नो-पार्किंग में वाहन खड़ा करने वालों पर सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। नाबालिगों के वाहन चलाने पर भी विशेष अभियान चलेगा।

इसके साथ ही सड़क दुर्घटना में घायलों को पीएम राहत योजना का लाभ दिलाने और ग्रामीण क्षेत्रों में इसका व्यापक प्रचार-प्रसार करने के निर्देश दिए गए हैं।

बैठक में सड़क सुरक्षा क्विज प्रतियोगिता के विजेता छात्र-छात्राओं को सम्मानित कर यातायात नियमों के प्रति जागरूकता का संदेश भी दिया गया।