Home Uncategorized कुपोषण से जूझ रहे मासूमों की सुध ले प्रशासन! इलाज और योजनाओं...

कुपोषण से जूझ रहे मासूमों की सुध ले प्रशासन! इलाज और योजनाओं का लाभ दिलाने कलेक्टर को ज्ञापन

0
7

Acn18. Com जांजगीर भरत सिंह चौहान जांजगीर-चांपा जिले में कुपोषण को लेकर सामाजिक संगठनों ने अब प्रशासन से सीधी कार्रवाई की मांग की है। ग्रामीण इलाकों में कुपोषित बच्चों की स्थिति को लेकर चिंता जताते हुए संगठनों ने उनके समुचित इलाज, पोषण और शासन की योजनाओं का लाभ दिलाने की मांग उठाई है।

इसी मांग को लेकर छत्तीसगढ़ जागृति मानव कल्याण समिति और भीम रेजीमेंट छत्तीसगढ़ के पदाधिकारियों ने जिला कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा।

सामाजिक संगठनों का दावा है कि जांजगीर-चांपा जिले के अलग-अलग ग्राम पंचायतों में कई बच्चे कुपोषण की स्थिति से जूझ रहे हैं। खासकर दस वर्ष से कम उम्र के बच्चों के स्वास्थ्य को लेकर चिंता जताई गई है।

संगठनों ने मांग की है कि जिले के सभी कुपोषित बच्चों की शासकीय अस्पतालों में समुचित जांच और इलाज कराया जाए। साथ ही जरूरतमंद परिवारों को शासन की संबंधित योजनाओं का लाभ भी दिलाया जाए, ताकि आर्थिक कमजोरी बच्चों के इलाज में बाधा न बने।

वहीं, जिले के सभी एनआरसी यानी पोषण पुनर्वास केंद्रों में कुपोषित बच्चों के लिए पोषणयुक्त भोजन की व्यवस्था मजबूत करने और लंबित कुपोषण कुक के टेंडर की प्रक्रिया शुरू करने की मांग भी की गई है।

संगठनों का कहना है कि कुपोषण सिर्फ भूख की समस्या नहीं, बल्कि बच्चों के भविष्य और उनके स्वास्थ्य से जुड़ा गंभीर मुद्दा है। ऐसे में समय पर इलाज, पौष्टिक आहार और सरकारी योजनाओं का लाभ मिलना बेहद जरूरी है।

अब बड़ा सवाल यही है कि कुपोषण को लेकर सामने आई इन चिंताओं पर जिला प्रशासन कितनी गंभीरता दिखाता है? क्या जिले के कुपोषित बच्चों तक समय पर इलाज, पोषण और सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंच पाएगा? इन सवालों के जवाब पर अब सभी की नजरें टिकी हैं।