Acn18. Com कोरबा.कोरबा के श्यांग थाना क्षेत्र से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है… रक्षाबंधन के बाद लापता हुई करीब 35 वर्षीय महिला का सड़ा-गला शव 23 दिन बाद उसी के घर के आंगन में बने सेप्टिक टैंक से बरामद हुआ है। मामले में महिला के पति पर गंभीर संदेह जताया जा रहा है और वह फिलहाल फरार है।
मामला बरपाली गांव का है, जहां संतोषी उरांव रक्षाबंधन के बाद अचानक लापता हो गई थी। परिजनों के मुताबिक, मायके जाने को लेकर संतोषी का पति मनोज उरांव से विवाद हुआ था। परिजनों ने महिला के साथ मारपीट और उसकी मौत के बाद शव छिपाने का संदेह जताया है।
बताया गया कि 5 सितंबर को संतोषी का भाई उससे मिलने घर पहुंचा था, लेकिन पति ने बताया कि वह रक्षाबंधन से एक दिन पहले घर से चली गई है। इसके बाद परिजन रिश्तेदारों के यहां उसकी तलाश करते रहे।
19 सितंबर को जब रिश्तेदार दोबारा गांव पहुंचे तो घर पर ताला लगा मिला और मनोज भी गायब था। इसी दौरान घर से तेज दुर्गंध आने पर शक गहराया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और सेप्टिक टैंक की जांच की, जहां से महिला का शव बरामद हुआ।
तहसीलदार, डॉक्टर और फोरेंसिक टीम की मौजूदगी में शव बाहर निकाला गया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। पुलिस फरार पति की तलाश कर रही है। पोस्टमार्टम और जांच रिपोर्ट के बाद ही मौत की असली वजह और पूरे मामले की तस्वीर साफ होगी।









